स्कूल बसों की देखी फिटनेस, बच्चों को बताए यातायात के नियम
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने गुरुवार को
जागरण संवाददाता, उरई : सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने गुरुवार को शहर के स्कूलों में अभियान चलाकर वाहनों की फिटनेस देखी। साथ ही बच्चों को यातायात के नियमों की जानकारी देकर उनका पालन करने के लिए प्रेरित किया।
गुरुवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मनोज कुमार सिंह एल्ड्रिच स्कूल पहुंचे। यहां पर लगभग दस वाहनों की चेकिग कर उनकी फिटनेस देखी। हालांकि किसी भी वाहन में खामी नहीं पाई गई। इसके बाद बच्चों को बुलाकर उन्हें यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि दोनों तरफ देखकर ही सड़क पार करें। वाहन चलाते समय कभी फोन पर बात न करें। वाहन नियंत्रित गति में चलाएं। इसके बाद उनकी टीम एसआर स्कूल पहुंची। यहां भी वाहनों की फिटनेस देखी गई। हर वाहन को बारीकी से चेक किया गया। हालांकि यहां भी वाहन दुरुस्त हालत में मिले।
एआरटीओ ने कहा कि सभी स्कूल संचालक कोविड गाइड लाइन का पालन अवश्य करें। हर वाहन में सैनिटाइजर व मास्क जरूर रखें। अगर कोई वाहन नियम विरुद्ध संचालित पाया जाता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।