रामधुन के साथ याद किए गए राष्ट्रपिता व शास्त्री
जागरण संवाददाता उरई राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की ज
जागरण संवाददाता, उरई : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती शुक्रवार को उत्साह के साथ मनाई गई। हर किसी ने रामधुन रघुपति राघव राजाराम का गायन कर बापू को याद किया। इसके साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर फूल मालाएं अर्पित कर उन्हें याद किया। सभी सरकारी गैर सरकारी कार्यालयों पर ध्वजारोहण किया गया।
इस बार कोरोना संक्रमण की वजह से प्रभातफेरी नहीं निकाली गई। प्रतियोगिताएं व अन्य कार्यक्रम भी नहीं शामिल किए गए। सुबह साढ़े छह बजे सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार शुक्ला, जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल, बीएसए प्रेमचंद यादव, ईओ संजय कुमार, पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा, रेहान सिद्दीकी, अशोक द्विवेदी, रामशरण जाटव ने ध्वजारोहण कर बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद रामधुन का गायन किया गया। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी डॉ. मन्नान अख्तर ने 8.30 बजे ध्वजारोहण किया। इसके बाद सभागार में आयोजित संगोष्ठी में महात्मा गांधी और पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री के जीवन वृत्त पर प्रकाश डाला गया। डीएम ने कहा कि गांधी जी का देश की स्वाधीनता में अहम योगदान है। उन्होंने हर भारतवासी के दिल में देश प्रेम का अंकुर रोपित किया। कई आंदोलन अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ किए। उनके अथक प्रयासों के बाद आज हम सभी लोग खुली हवा में सांस ले रहे हैं। इस मौके पर एडीएम प्रमिल कुमार सिंह, एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव ने विकास भवन में ध्वजारोहण किया। इस दौरान सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीआइओएस कार्यालय, लोक निर्माण विभाग, बेसिक शिक्षा, आबकारी कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया गया। ठड़ेश्वरी मंदिर स्थित गांधी चबूतरे पर भी रामधुन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लहरियापुरवा की मलिन बस्ती में सफाई अभियान संचालित कर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। बताया गया कि स्वच्छता से कोई भी बीमारी पास नहीं फटकती है। बाद में मिष्ठान्न का वितरण किया गया।