घरों के बजाए सड़कों पर बहता पानी
संसू,रामपुरा : जलकल विभाग की लापरवाही के चलते नगर पंचायत ऊमरी में उपभोक्ता एक एक बूंद पा
संसू,रामपुरा : जलकल विभाग की लापरवाही के चलते नगर पंचायत ऊमरी में उपभोक्ता एक एक बूंद पानी को मोहताज हो रहे हैं। लीकेजों के चलते नगर में रोजाना हजारों लीटर पीने योग्य पानी बर्बाद हो जाता है। घरों में आपूर्ति की जगह सड़क पर पानी बहता है। जिससे नगरवासियों में खासा रोष व्याप्त है।
बताते चलें कि बुंदेलखंड में वैसे भी पानी की कमी होती जा रही है। दिन पर दिन पानी का जलस्तर घटता जा रहा है। यदि यही हाल रहा तो वो समय दूर नहीं जब लोग एक-एक बूंद पानी को इधर उधर भटकने को मजबूर होंगे। जबकि सरकारी महकमों द्वारा जल संचयन, जल संरक्षण को लेकर विभिन्न प्रकार से लोगों को गोष्ठियों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। इसके उलट जल संस्थान के अधिकारियों की संजीदगी इसी से जाहिर हो रही है कि नगर पंचायत ऊमरी में 15 से 20 जगहों पर बड़े बड़े लीकेज हो गए हैं। जिसके कारण पानी की बर्बादी हो रही है। उपभोक्ता एक-एक बूंद पानी को लोग मोहताज हो रहे हैं। जो कुछ थोड़ा बहुत पानी मिलता भी है वह इतना गंदा व बदबूदार होता है कि लोग क्या उसे जानवरों के उपयोग में भी नहीं लाया जा सकता है। छौना मानपुरा रोड पर बने नलकूप में दरवाजे पर ही इतना बड़ा लीकेज है कि आसपास पानी भरा रहता है। जिसमें जानवर भी लोटते रहते हैं। इसी तरह नगर में कई स्थानों पर लीकेजों की भरमार है। नगरवासियों ने विभागीय अधिकारियों से नगर की पेयजल आपूर्ति दुरुस्त करने की मांग की है।
बोले जिम्मेदार
इस संबंध में जल संस्थान के जेई प्रशांत त्रिपाठी कहते हैं कि लीकेजों की जानकारी हुई है जल्द ही ठीक करवाने का प्रयास किया जाएगा।