अमावस्या पर पंचनदा में श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
संवाद सूत्र, रामपुरा : क्षेत्र के सुप्रसिद्ध पंचनदा संगम पर सोमवार को सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़
संवाद सूत्र, रामपुरा : क्षेत्र के सुप्रसिद्ध पंचनदा संगम पर सोमवार को सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। भोर से ही लोग पहुंचने लगे और मौनी अमावस्या के पावन पर्व पर डुबकी लगाई। साथ ही पूजा अर्चना कर पुण्य लाभ कमाया।
बताते चलें कि पंचनदा पर वैसे तो हर सोमवार को क्षेत्र के सैकड़ों लोग स्नान करने आते हैं। इस बार सोमवार के दिन अमावस्या पड़ जाने से इसका महत्व और बढ़ गया। सोमवार की भोर से ही आसपास के क्षेत्रों से लोगों का आवागमन शुरू हो गया। अमावस्या के पर्व पर करीब डेढ़ से दो हजार श्रद्धालुओं ने स्नान किया। लोग बताते हैं कि इस पर्व पर लोग स्नान करने में आस्था रखते हैं। स्नानोपरांत श्रद्धालुओं ने पीपल के वृक्ष की 108 परिक्रमा लगाई और उसके नीचे दीपक जलाए। जिसे लोग बहुत शुभ मानते हैं। किवदंती है कि अपने पति की दीर्घायु की कामना के उद्देश्य से महिलाएं भी आज के दिन व्रत रखकर पूजा अर्चना करती हैं। घाट पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल भी तैनात रहा। लोगों की भीड़ जुटने का अनुमान होने के चलते यहां दुकानदारों ने भी अपने सामान सजाए, जिससे मेले जैसा नजारा रहा।