कांग्रेस, सपा और बसपा ने निषादों संग किया अन्याय
संवाद सहयोगी कालपी (उरई) कांग्रेस ने निषाद समाज के आरक्षण संबंधी फाइल गायब कराई थी ह
संवाद सहयोगी, कालपी (उरई) : कांग्रेस ने निषाद समाज के आरक्षण संबंधी फाइल गायब कराई थी, हमने दोस्ती खत्म कर दी तो कांग्रेस खत्म हो गई। सपा-बसपा ने भी अन्याय किया। भाजपा निषादों के मुद्दों को लेकर गंभीर रहती है। इसीलिए उसके साथ हैं। ये बातें बुधवार को यहां निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने पत्रकारों से बातचीत में कहीं।
उन्होंने कहा कि वह सामाजिक उत्थान संकल्प आरक्षण रथयात्रा लेकर निकले हैं। सपा कोर्ट के बाहर कहती है कि निषादों को आरक्षण मिलना चाहिए, जबकि कोर्ट में इन्कार करती है। इसलिए उनसे दोस्ती खत्म की तो साइकिल पंचर हो गई। बसपा ने निषादों का आरक्षण रुकवाया तो वह भी खत्म हो गई। अब भाजपा उनके मुद्दे हल कर रही है। प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में दो से तीन हजार निषाद मतदाता हैं। 40 सीटों पर निषाद पार्टी ने भाजपा को जिताया है।
------
फूलन ने अन्याय के खिलाफ उठाया था हथियार, नहीं मिला न्याय
संजय निषाद ने पूर्व सांसद फूलन देवी के गांव गुढ़ा खास पहुंचकर उनकी मां मूला देवी से मुलाकात की। कहा कि फूलन ने पुलिस-प्रशासन से गुहार लगाई थी, तभी न्याय मिल जाता तो हथियार नहीं उठाना पड़ता। इसके लिए तत्कालीन सरकार दोषी है। वह पहले वह एक किसान और देश की बेटी थीं। बाद में वह सांसद बनीं और हत्या कर दी गई। अभी तक उनके हत्यारों को सजा नहीं मिली है। सपा नेता मुलायम सिंह उसी समय निष्पक्ष जांच कराते तो दोषी कठघरे में होते। अब हम उनके खिलाफ हुए अन्याय की लड़ाई लड़ेंगे और हत्यारों को फांसी दिलाकर रहेंगे। फूलन देवी की मां को भरोसा दिलाया कि उन्हें बेटी की संपत्ति दिलाकर रहेंगे।