विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेतवा में छोड़ा 1 लाख क्यूसेक पानी, 2 मीटर बढ़ा जलस्तर; मध्य प्रदेश में बारिश से लबालब हुए बांध

Published: Fri, 04 Sep 2026 05:23 PM (IST)

मध्य प्रदेश में भारी बारिश के बाद बांधों से एक लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से बेतवा नदी का जलस्तर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. बेतवा नदी का जलस्तर 2 मीटर बढ़ा, 111.78 मीटर पहुंचा।

  2. मध्य प्रदेश में भारी बारिश के कारण बांधों से पानी छोड़ा।

  3. प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट किया, गांवों में दहशत।

जागरण टीम, उरई। डकोर क्षेत्र से निकली बेतवा नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते गुरुवार को मध्य प्रदेश और बुंदेलखंड के बांधों से एक लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिसके बाद नदी के जलस्तर में दो मीटर तक बढ़ोत्तरी आई है।

नदी का जलस्तर 111.78 मीटर पर पहुंच गया है जबकि खतरे का निशान 122.66 मीटर पर लगा है। यमुना का जलस्तर अभी सामान्य है जिससे इसके आसपास गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है।

मध्य प्रदेश के भोपाल, विदिशा, बीना, झांसी, ललितपुर जिलों में पिछले 48 घंटों से तेज बारिश हो रही है। सिंचाई विभाग ने बांधों को सुरक्षित रखने के लिए लहचूरा बांध से 50 हजार क्यूसेक और माताटीला बांध से 50 हजार क्यूसेक पानी गुरुवार देर शाम बेतवा नदी में छोड़ा है। पानी छोड़े जाने के बाद बेतवा नदी का जलस्तर शुक्रवार सुबह तक 111.78 मीटर तक पहुंच गया।

गुरुवार को करीब 109 मीटर के आसपास था जलस्तर  

गुरुवार को यह जलस्तर करीब 109 मीटर के आसपास था। यानी 24 घंटे में लगभग 2 मीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बेतवा नदी का चेतावनी निशान 121 मीटर और खतरे का निशान 122.66 मीटर अंकित है। हालांकि अभी नदी खतरे के निशान से करीब 11 मीटर नीचे बह रही है, लेकिन लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह नजर बनाए हुए है।

बेतवा खंड के कर्मचारी देवेंद्र ने बताया कि शुक्रवार को बेतवा नदी का जलस्तर दो मीटर बढ़ा है। इसकी रिपोर्ट हर घंटे उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे गांवों में फिर से दहशत का माहौल है। प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया है और नदी किनारे के गांवों के लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

कालपी : यमुना नदी पिछले सप्ताह जरूर 102 मीटर पर पहुंच गई थी लेकिन अब स्थिति सामान्य है और तेजी से जलस्तर में कमी आई है। पिछले 24 घंटे में 50 सेमी और जलस्तर कम हो गया है। यमुना का जलस्तर अभी 98.35 मीटर है जबकि चेतावनी निशान 106 मीटर खतरे का निशान 108 मीटर पर लगा हुआ है। यमुना किनारे बसे 60 से अधिक गांवों में फिलहाल बाढ़ आने की संभावना नहीं है।

नदियों के जलस्तर पर एक नजर

  • बेतवा नदी
  • वर्तमान जलस्तर : 111.78 मीटर
  • चेतावनी निशान : 121 मीटर
  • खतरे का निशान : 122.66 मीटर
  • यमुना नदी
  • वर्तमान जलस्तर : 98.35 मीटर
  • चेतावनी निशान : 106 मीटर
  • खतरे का निशान : 108 मीटर