महिला की संदिग्ध हालात में मौत, हत्या का आरोप
पिता ने पति सहित छह के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा ब्लर्ब- मुरसान के गांव विशुनदास का मामला परिजनों ने ससुरालियों लगाए गंभीर आरोप
जागरण संवाददाता, हाथरस : मुरसान के गांव विशुनदास में महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घर में ही फंदे पर शव लटका मिला। मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पति सहित छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।
भरतपुर की रहने वाली इंद्रलेश पुत्री जगवीर सिंह की शादी तीन साल पहले रिकू पुत्र गोपाल निवासी विशुनदास के साथ हुई थी। दोपहर को महिला का शव फंदे पर लटका मिला। कार्रवाई के डर से ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए। जगवीर सिंह का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराली अतिरिक्त दहेज के लिए उनकी बेटी को परेशान कर रहे थे। जगवीर ने बताया कि 16 अप्रैल को बेटी ने अपनी मां को फोन कर मारपीट की जानकारी दी थी। उसने बताया था कि ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान कर रहे हैं। 17 अप्रैल की दोपहर बेटी की मौत की सूचना मिली। वे तत्काल गांव पहुंचे। बेटी का शव मिला। पुलिस ने रिकू, उनके पिता गोपाल, महिला के जेठ पवन, जेठानी, सास व ननद के खिलाफ दहेज हत्या में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ट्रक चालक की एमपी में मौत
हाथरस : चंदपा के गांव केवलगढ़ी के रहने वाले भूरी सिंह पुत्र लखेंद्र की मध्यप्रदेश के छिदवाड़ा में हुई सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। भूरी सिंह सादाबाद की ट्रांसपोर्ट कंपनी का ट्रक चलाते थे। माल लेकर मध्यप्रदेश गए थे। बुधवार को हादसे की सूचना मिलते ही कोहराम मच गया।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया युवक
जासं, हाथरस : हाथरस जंक्शन के गांव नगला अढ़ू में हाईटेंशन लाइन पर काम कर रहा संविदा कर्मी विपिन निवासी लालगढ़ी, सिकंदराराऊ करंट लगने से घायल हो गया। सलेमपुर फीडर पर वह काम कर रहा था। अचानक करंट आने से हादसा हुआ। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।