रंग फैक्ट्री के विस्फोटमें घायल महिला चल बसी
-20 दिन पहले रावत कॉलोनी स्थित अवैध फैक्ट्री में हुआ था विस्फोट -दो लोगों की पहले ही हो चुकी है मौत अन्य घायलों की स्थिति खराब
जागरण संवाददाता, हाथरस : तमना गढ़ी स्थित एक घर में अवैध रूप से संचालित कलर स्प्रे की अवैध फैक्ट्री में हुए विस्फोट ने एक और जान ले ली। दो लोगों की पहले ही मौत हो चुकी है। इस हादसे में दंपती घायल हुए थे जिनमें से महिला ने दम तोड़ दिया। बाकी घायलों की हालत भी ठीक नहीं है।
अलीगढ़ रोड पर तहसील सदर के सामने मरघट वाली गली में रेलवे से सेवानिवृत्त गोवर्धन सिंह का मकान है। गोवर्धन मूलरूप से गांव रतनगढ़ी के रहने वाले हैं, लेकिन फिलहाल वे बेटों के साथ बाहर रहते हैं। फैक्ट्री में केवल कलर स्प्रे बनते थे। होली से कुछ महीने पहले यहां काम शुरू होता था। स्प्रे में एलपीजी गैस का प्रयोग किया जा रहा था। इसके लिए कलर स्प्रे बॉक्स में गैस भरी जाती है तथा उससे कीटनाशक के डिब्बों में। 27 फरवरी को स्प्रे बॉक्स में गैस भरते समय हादसा हुआ था, जिसमें मुकेश निवासी वीरनगर, सासनी की मौत हो गई थी। दूसरे दिन घायल फकीरा उर्फ वकील (40) निवासी वीरनगर की भी मौत हो गई थी। हादसे में गोवर्धन का बेटा मुनीष व उनकी पुत्रवधू रिचा भी घायल हो गई थीं। एसएचओ हाथरस गेट जितेंद्र दीखित ने बताया कि रिचा ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। जलने के बाद होने वाला इन्फेक्शन जानलेवा साबित हो रहा है। 60 फीसद से अधिक जलने वाले को बचाना मुश्किल होता है।
पुलिस के अनुसार घायल मुनीष व अरविद निवासी वीरनगर की भी हालत ठीक नहीं है। पुलिस के अनुसार फैक्ट्री मुकेश ही चला रहा था, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। गोवर्धन अपने घर में अवैध फैक्ट्री चलवा रहे थे, इसलिए उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।