विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 07, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बुखार से महिला की मौत, वायरल ने पसारे कई गांवों में पांव

By JagranEdited By:
Published: Thu, 07 Nov 2019 01:06 AM (IST)Updated: Thu, 07 Nov 2019 06:22 AM (IST)

सादाबाद और मुरसान क्षेत्र के कई गांवों के बुखार से पीड़ित लोग आगरा में करा रहे उपचार

बुखार से महिला की मौत, वायरल ने पसारे कई गांवों में पांव
बुखार से महिला की मौत, वायरल ने पसारे कई गांवों में पांव

जागरण टीम, हाथरस : बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को गंभीर अवस्था में लाई गई त्रिवेणी देवी (60) पत्नी सोनपाल सिंह निवासी रुहेरी मौत हो गई। सादाबाद और मुरसान क्षेत्र के कई गांवों में वायरल जानलेवा साबित हो रहा है।

त्रिवेणी देवी कई दिन से बुखार से पीड़ित थीं। उनको जिला अस्पताल लाया गया तो डॉक्टरों ने अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया था, मगर रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सादाबाद के घाटमपुर गांव में आज भी घर-घर मरीजों की चारपाई बिछी हुई है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक वायरल की चपेट में हैं। कई ग्रामीणों का उपचार आगरा में चल रहा है।

घाटमपुर में जलभराव, कीचड़ से मच्छरों का आतंक है। इसी वजह से गांव में बीमारी फैली हुई है। इस गांव से दर्जन भर से अधिक ग्रामीणों का उपचार आगरा में हुआ जिन्हें डेंगू होने की आशंका थी। अभी भी कई ग्रामीणों का उपचार आगरा के चिकित्सालयों में चल रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार विगत 15 दिन से यहां के हालात बहुत खराब हैं। लगभग पूरा गांव वायरल की चपेट में है। गांव में 100 से अधिक मरीज वायरल की चपेट में है। इन मरीजों में से आठ लोगों का उपचार आगरा में चल रहा है, जो समय-समय पर आगरा जा कर दवा लेकर आते हैं। इनमें से प्रमुख रूप से शांति देवी, पूनम देवी, विशाल, गायत्री देवी, कस्तूरी देवी, विवेक, चंचल, हरी बाबू, अन्नू, सीमा देवी, थान सिंह, चरण सिंह, मंजू देवी प्रमुख हैं।

ग्रामीणों की मानें तो गांव में एक भी ऐसा घर नहीं है, जहां दो से तीन मरीज न हों। वायरल के साथ-साथ गांव में बुखार, सर्दी, जुकाम, खांसी के मरीजों की संख्या भी अच्छी खासी है। ताजपुर में घर-घर बिछीं चारपाई

मुरसान : गांव ताजपुर में भी काफी लोग बीमार हैं। गांव की गंगा देवी, बच्चू सिंह और विक्रम सिंह के अलावा लोकेंद्र को भी बुखार ने अपने आगोश में ले लिया है।

घाटमपुर के प्राथमिक विद्यालय

में आज लगेगा चिकित्सा शिविर

संसू, सादाबाद : गांव घाटमपुर में वायरल के प्रकोप की सूचना पर सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ.दानवीर सिंह ने गुरुवार को गांव में चिकित्सा शिविर लगवाने की जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि पूर्व में भी एक बार कैंप लग चुका है। किसी ग्रामीण ने उन्हें बीमारी फैलने की पुन: जानकारी नहीं दी जिससे कैंप नहीं लगवाया गया था, लेकिन अब जानकारी मिली है। गुरुवार को प्राथमिक विद्यालय परिसर में चिकित्सीय दल भेजकर कैम्प के माध्यम से मरीजों की जांच की जाएगी। उनको दवा का वितरण करने के साथ ही वायरल मलेरिया के पीड़ित मरीजों की स्लाइड भी तैयार कराई जाएगी। वर्जन

जिन गांवों में बुखार से लोग बीमार हैं वहां स्वास्थ्य विभाग लगातार कैंप कर रहा है। लगातार दवाओं का वितरण किया जा रहा है।

-डॉ. ब्रजेश राठौर, सीएमओ

कछपुरा में मौतों की पड़ताल

करने आई शासन की टीम

जासं, हाथरस : कछपुरा गांव में बुखार से पांच मौतों के बाद मचे कोहराम की गूंज जब शासन तक पहुंची तो स्वास्थ्य विभाग हिल गया। बुधवार को शासन की टीम गांव कछपुरा पहुंची और बुखार से हुई मौतों के बारे में पड़ताल की।

दीपावली से गांव कछपुरा में बीमार लोगों की चारपाई घर-घर बिछी हुई है। कोहराम तब मचा जब एक के बाद एक पांच लोगों को बुखार ने निगल लिया। मरने वालों में एक युवक, अधेड़ और दो बच्चे शामिल हैं। यहां से स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने भी डेरा डाला। दवाएं वितरित की गईं। सभी बीमार लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मौतों से मचे कोहराम के बाद शासन के निर्देश पर आई सीनियर डॉक्टरों की टीम हाथरस के गांव कछपुरा पहुंची। संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डॉ.विकास सिघल की अगुवाई में आई टीम ने घर-घर जाकर निरीक्षण किया। टीम ने एंटीमलेरिया छिड़काव के निर्देश दिए। टीम ने गांव में गंदगी को लेकर चिता जताई। टीम में ललितेश कुमार, देवेंद्र कुमार, ईआइएस स्पेशलिस्ट आदि थे। इनके अलावा विजय आनंद एमओआइसी मुरसान, मुकेश जौहरी, एसपी गौतम, पवन कुमार, ब्रजेश कुमार स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, भगवान देवी, बीना देवी, मुकेश जौहरी आदि थे।