सीढि़यों से गिरकर महिला की मौत
हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव नयाबास में शनिवार को एक महिला की जीने की सीढि़यों से गिरकर मौत हो गई।
जासं, हाथरस : हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव नयाबास में शनिवार को एक महिला की जीने की सीढि़यों से गिरकर मौत हो गई। गले पर चोट के निशान के चलते महिला का पोस्टमार्टम कराया गया है।
नयाबास निवासी 22 वर्षीय सोनाली पत्नी तेज सिंह को गंभीर हालत में स्वजन शनिवार को जिला अस्पताल लेकर आए। डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद स्वजन उसे गांव वापस ले गए। इधर पुलिस को सूचना मिली कि महिला के गले पर चोट के निशान हैं। पुलिस गांव पहुंच गई और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले आई। एसएचओ हाथरस गेट केडी शर्मा ने बताया कि महिला जीने से गिर गई थी, जिसके बाद उसे गुम चोट लगी है। जिला अस्पताल में उसे डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। कंचना फाटक के पास ट्रेन से कटकर महिला की मौत
संसू, मुरसान : क्षेत्र के मथुरा रोड स्थित कंचना फाटक के निकट एक महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। महिला का शव रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा मिला। महिला की शिनाख्त मुरसान क्षेत्र के गांव उदयभान निवासी 30 वर्षीय नीतू पत्नी प्रमोद के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतका अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गई है, जिसमें एक बेटा व बेटी है। नीतू व इसकी बहन दोनों एक ही घर में सगे भाइयों के साथ ब्याही हैं। सूचना पाकर मृतका के स्वजन पहुंच गए थे। विवाहित पुत्री के साथ
मारपीट, दी गई तहरीर
संसू, सहपऊ : गांव हीरापुर थाना सहावा टाउन, जनपद कासगंज निवासी बच्चू सिंह ने तहरीर देकर पुत्री के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। तहरीर के मुताबिक उसने डेढ़ साल पहले अपनी पुत्री की शादी कोतवाली क्षेत्र के गांव गुतहरा निवासी युवक के साथ की थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुरालियों ने उनकी पुत्री के साथ मारपीट शुरू कर दी। एक वर्ष पूर्व ससुरालीजन उसे मायके छोड़ आए। 20 दिन पहले कुछ रिश्तेदारों व गांव वासियों के कहने पर वे पुत्री को ससुराल छोड़ गए थे। शुक्रवार को एक बार फिर उन लोगों ने पुत्री के साथ मारपीट की। पुत्री को धमकी दी कि उसके मायके से उसे कोई बुलाने आएगा तो उसे जान से मार देंगे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।