सोने की चेन के लिए छोड़ी पत्नी, मुकदमा
अतरौली में हुई थी चंदपा की रहने वाली युवती की शादी महिला ने पति पर लगाए गंभीर आरोप महिला थाने में रिपोर्ट
जागरण संवाददाता, हाथरस : सोने की चेन व एक भैंस के लिए युवक ने पत्नी को ही छोड़ दिया। महिला ने पति व ससुराल के अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उसे वहां अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया।
चंदपा के गांव मीतई की रहने वाली ममता की शादी जुलाई 2016 में अतरौली के रहने वाले चंद्रशेखर से हुई थी। ममता के अनुसार शादी के कुछ महीने तक ससुरालियों ने ठीक से रखा। इसके बाद सोने की चेन व एक भैंस के लिए उन्हें परेशान करने लगे। महिला का आरोप है कि पति के अलावा ससुर व बड़ी ननद ने हर तरह से उन्हें परेशान किया। मानसिक व शारीरिक शोषण किया। इस बीच मायके वालों को भी घटना की जानकारी दी। परिवार के लोगों ने ससुरालियों से बात की। बीच में उन्होंने आश्वासन दिया कि वे परेशान नहीं करेंगे, लेकिन बाद में फिर से मारपीट करने लगे। बात-बात पर घर से निकाल देते थे। चार महीने पहले उसे घर से निकाल दिया। तब से वह मायके में रह रही थी। ममता का आरोप है कि दो जुलाई को पति व ससुर ने घर आकर मारपीट की। मायके वालों पर दहेज के लिए दबाव डाला तथा तलाक की भी धमकी दी। कोई रास्ता नजर न आने पर पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत की। पुलिस ने पति, ससुर व ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।