दो बाइकों की भिड़ंत में दो की मौत, नहीं पहने थे हेलमेट
-लाखनू-लाड़पुर पर बुधवार सुबह हुआ भीषण हादसा एक घायल
जागरण संवाददाता, हाथरस: हाथरस जंक्शन में बुधवार की सुबह गांव लाड़पुर-लाखनू रोड पर हुई दो बाइकों की भीषण भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई। एक ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि एक ने जिला अस्पताल में रेफर करने के दौरान दम तोड़ा। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। दूसरी बाइक पर सवार युवक के पैर में चोट आई है।
हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव दरियापुर के रहने वाले अमर सिंह(50) व गांव फरौली के यामीन(35) मजदूरी करते थे। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का निर्माण कर रही टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के अधीन दोनों कार्यरत थे। वर्तमान में पुरा रेलवे स्टेशन के निकट काम चल रहा था। बुधवार की सुबह लगभग सात बजे दोनों एक बाइक पर साइट पर जाने के लिए निकले थे। गांव लाड़पुर से निकलते ही सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। पुलिस के अनुसार दोनों वाहन रफ्तार में थे। दूसरी बाइक सवार लाखन सिंह निवासी पुरा खुर्द हाथरस की ओर आ रहे थे। हादसे में अमर सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि यामीन गंभीर रूप से घायल थे। हादसे के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए। लाड़पुर चौकी से एसआइ सुबोध मान मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल पहुंचने में यामीन को लगभग एक घंटा लग गया। उसके सिर में भी चोट थी। इमरजेंसी वार्ड में प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर किया जा रहा था। इसी दौरान यामीन ने भी दम तोड़ दिया। दोनों की मौत सिर की चोट के कारण हुई।
..तो बच सकती थी जान
यदि बाइक की रफ्तार कम होती और दोनों ने हेलमेट पहने होते तो जान नहीं जाती। मौत की खबर मिलते ही दोनों के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां शव देख चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने उन्हें संभाला। यामीन के पिता आशिक अली ने दूसरी बाइक सवार लाखन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। लाखन के भी पैर में चोट आई है।