लॉकडाउन में अप हुआ बाजार, गर्मी दर किनार
जागरण संवाददाता हाथरस लॉकडाउन के दौरान मिली छूट के बाद जनजीवन सामान्य होने लगा है।
जागरण संवाददाता, हाथरस : लॉकडाउन के दौरान मिली छूट के बाद जनजीवन सामान्य होने लगा है। गुरुवार को बाजार गुलजार दिखा तो दुकानदारों के चेहरे खिल गए। हालांकि उनको सप्ताह में तीन दिन ही बाजार खोलने की छूट मिल रही है।
लॉकडाउन के कारण पूरा शहर 22 मार्च के बाद से ही बंद हैं। कुछ बाजार में जरूर आवश्यक वस्तुएं बेचने की अनुमति दे दी गई थी। मगर वहां भी शारीरिक दूरी के पालन की धज्जियां उड़ती नजर आईं। सबसे ज्यादा तो वह बाजार ज्यादा व्याकुल नजर आए तो हॉटस्पॉट इलाके में आने के कारण बंद थे। मगर प्रशासन से बाजार खोलने की छूट मिली तो उनके चेहरे पर चमक आ गई। सड़कों से लेकर बाजार तक भारी भीड़भाड़ रही, मगर हैरानी की बात ये है कि भीड़ के बीच शारीरिक दूरी गुम रही। लोग बिना मॉस्क के घूमते नजर आए।
-
वर्जन
प्रशासन के आदेश पर बाजार खोलने की छूट का निर्णय उचित है। इससे कारोबार फिर पटरी पर लौट सकेगा और भुखमरी के कगार पर आने से कई परिवार बच सकेंगे। डीएम ने जब सशर्त बाजार खोलने की अनुमति दी तो लोगों की जिदगी आहिस्ता-आहिस्ता पटरी पर लौट आई है।
- कपिल कुमार, हार्डवेयर कारोबारी।
-
अगर प्रशासन ने दुकानें खोलने की छूट दी है तो हमें उसका पालन करना चाहिए। मॉस्क पहनने से लेकर शारीरिक दूरी का पालन करना चाहिए। बाजार में रौनक लौट रही है। गर्मी के बावजूद भी ग्राहक खरीदारी के लिए आ रहे हैं।
- प्रदीप वाष्र्णेय, कपड़ा व्यापारी
--
छूट का मतलब ये कतई नहीं है कि हम बेलगाम हो जाएं। तीन दिन की छूट में हमें सात दिन बाजार खुलने जैसा की मुनाफा हो रहा है। सही मायने में तो तीन दिन बाजार खोलने की छूट हमारे लिए वरदान साबित हो रही है। हमें प्रशासन का पूरा साथ देना चाहिए।
- प्रदीप कुमार, किराना व्यापारी। जितनी कमाई सप्ताहभर में होती है उतनी तीन दिन में होगी, क्योंकि सेल बढ़ी है। ग्राहक को भी पता है कि बाजार सप्ताह में तीन दिन ही खुलेगा। इसलिए हमें प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन करना चाहिए, ताकि कोरोना रूपी महामारी की जंग हम सब लड़ सकें।
-निशांत शर्मा, मोबाइल विक्रेता। वर्जन..
बाजारों को सप्ताह तीन दिन बाजार खोलने की छूट दी गई है। बाकी तीन दिन बाजार बंद रहेंगे। इसके अलावा एक दिन साप्ताहिक बंदी रहेगी। लॉकडाउन में शारीरिक दूरी से लेकर मॉस्क लगाने के नियम का पालन दुकानदार और ग्राहक को करना होगा।
प्रवीण कुमार लक्षकार, डीएम हाथरस।