ससुर पर छेड़छाड़, मां के अपहरण का आरोप
महिला ने पुलिस अधीक्षक से की मामले की शिकायत
संवाद सहयोगी, हाथरस : एक महिला ने अपने ससुर पर छेड़छाड़ करने तथा साथियों की मदद से मां का अपहरण करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि ये लोग उनकी हत्या भी करा सकते हैं। पीड़िता ने एसपी से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
मैंडू रोड स्थित मोहल्ले की रहने वाली महिला की शादी फरवरी 2018 में पास ही के गांव में हुई है। महिला ने बताया कि परिवार में पति के अलावा ससुर हैं। सास नहीं हैं। उसके ससुर का चाल-चलन ठीक नहीं है। घटना 14 अक्टूबर की रात की है। महिला के अनुसार उनके पति अलीगढ़ गए हुए थे। रात लगभग 10.30 बजे ससुर कमरे में घुस आए तथा छेड़छाड़ करने लगे। शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए, जिसके बाद वह कमरे से बाहर गए। पति के आने के इंतजार में महिला ने कहीं शिकायत नहीं की। महिला के अनुसार दूसरे दिन जब सुबह तक पति नहीं आए तो वह अपने मायके में शिकायत करने पहुंची। यहां महिला का छोटा भाई था। भाई ने बताया कि उसके ससुर व चचिया ससुर घर आए थे तथा उसकी मां को साथ ले गए हैं। महिला व उसके परिवार के लोग तब से कई जगह मां की तलाश कर चुके हैं, लेकिन उनका कुछ पता नहीं है। थाने जाने की बजाय महिला बुधवार को सीधे एसपी कार्यालय पहुंची तथा मामले में शिकायत की। देवर व जेठ ने
तोड़ दिया हाथ
हाथरस : गांव कछपुरा की नीरज देवी पत्नी देवेंद्र कुमार ने अपने जेठ-देवर व इनके लड़कों पर मारपीट का आरोप लगाया है। इस मारपीट में नीरज का दाहिना हाथ टूट गया। पीड़िता ने बुधवार को कोतवाली हाथरस गेट पहुंचकर मामले की शिकायत की। नीरज के अनुसार 16 अक्टूबर को पति व उनके बीच कहासुनी हो रही थी। बीच में सास ने गलत शब्द कह दिए। इस पर सास से विवाद हो गया। आरोप है कि सास से कहासुनी होने पर जेठ-देवर व उनके लड़कों ने लाठी-डंडों से पीटा, जिसके कारण चोट आई।