बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, जाड़े की अंगड़ाई
तेज हवाओं के चलने खेतों में बिछी गेहूं की फसल
संस, हाथरस : मौसम ने फिर करवट ली है। गुरुवार देर रात बारिश और तेज हवाओं के चलते खेतों में गेहूं की फसलें बिछ गई हैं। सर्दी बढ़ गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23 व न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहा।
गुरुवार देर रात मौसम ने आंख दिखाना शुरू कर दिया था। आधी रात को गड़गड़ाहट के साथ सासनी, सहपऊ आदि क्षेत्रों में बारिश हुई। अचानक बदले मौसम ने किसानों को परेशान कर दिया है। बर्फीली तेज हवाएं चलने से गेहूं की फसल लोट गई है। उसके खराब होने का अंदेशा है। हाथरस शहर में हल्की बारिश हुई। अलबत्ता बिजली गिरने से मुरसान क्षेत्र के ग्राम जैतपुर में इकबाल की भैंस की मौत हो गई। तेज हवाओं के चलते बिसावर क्षेत्र में भी गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई है। किसान रामपाल का कहना है कि फसल के बिछ जाने से गेहूं का दाना पतला हो जाएगा। पैदावार भी घट जाएगी। एक सप्ताह तक मौसम इसी तरह खराब रहने की संभावना जताई जा रही है।