शीतलहर से कुंद हुआ सूरज का ताप
- पूरे दिन ठंड से ठिठुरते रहे लोग, अलाव के सहारे कटा दिन - सुबह व शाम खराब हुई हालत, बाजार में पसरा रहा सन्नाटा
जासं, हाथरस : सोमवार को अचानक शीतलहर ने ठंड का प्रकोप बढ़ा दिया। लोग सिहर उठे। शीतलहर के बीच सूर्य देव ने झांकने का प्रयास किया लेकिन सूर्य का ताप कुंद पड़ गया। बाजार में भी सन्नाटा पसरा रहा। आसमान में बादल भी छाए रहे। मौसम विभाग का अनुमान है कि दो दिन कोहरे का प्रकोप भी बढ़ सकता है।
सोमवार को दिन में न्यूनतम तापमान छह डिग्री तो अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस पर रहा। रात होते ही तापमान में गिरावट दर्ज हुई। दिन में चल रही शीतलहर लोगों को शूल की भांति चुभ रहीं थीं। सर्दी से बचाव के लिए लोग घरों में दुबके दिखे, जो लोग घरों से निकले वह पूरी तरह से गरम वस्त्रों से ढककर निकले। घरों व कार्यालयों में भी कर्मचारी हीटर, अंगीठी की सहायता से सर्दी से राहत पाते दिखे। कोहरा न होने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर रही लेकिन सर्द हवाएं लोगों की बैचेनी बढ़ाती रही। ठंड में पशु-पक्षी भी परेशान दिखे। चौराहों पर जल रहे अलाव के सहारे कई निराश्रित पशु भी गरमी लेते दिखे। मैन बाजार में गरम वस्त्र विक्रेताओं के यहां लोगों की भीड़ रही। लोगों ने गरम वस्त्रों की खरीदारी की। सर्दी के कारण बाजार में सात बजे से ही सन्नाटा पसर गया। दुकानदार अन्य दिनों की अपेक्षा प्रतिष्ठान जल्दी बंद कर घर चले गए।