चार माह से अपनी जमीन मजबूत कर रहे थे सुमन
लावारिस पशुओं के मुद्दे पर कलक्ट्रेट का घेराव कर किया था शक्ति प्रदर्शन ब्लर्ब- धनगरों के आंदोलन में लिया था बढ़ चढ़कर हिस्सा नाम की घोषणा महज औपचारिकता
जागरण संवाददाता, हाथरस : जैसा तय माना जा रहा था, वैसा ही हुआ। हाथरस सीट से सपा गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल सुमन के नाम की औपचारिक घोषणा मंगलवार को हो गई। शाम करीब पांच बजे सपा हाईकमान ने लखनऊ से उनके नाम का एलान कर सस्पेंस खत्म कर दिया। हालांकि यह पहले ही तय हो चुका था। इसीलिए करीब चार महीने से सुमन अपनी सियासी जमीन सींच रहे थे।
सपा के कद्दावर नेता रामजी लाल सुमन पिछले चुनाव में भी सपा के प्रत्याशी थे और तीसरे नंबर पर आए थे। उन्हें करीब 1 लाख 80 हजार वोट मिले थे। नवंबर में जब यूपी में गठबंधन की संभावनाएं बनीं तभी से सुमन ने हाथरस में अपनी सक्रियता बढ़ा दी थी। दिसंबर में लावारिस पशुओं के मुद्दे पर वह किसानों के लिए संघर्ष करते नजर आए। कलक्ट्रेट का घेराव कर शक्ति प्रदर्शन भी किया था। एक माह पहले जब गठबंधन पर मुहर लगी और हाथरस सीट सपा के खाते में आई, तभी से सुमन का यहां से चुनाव लड़ना तय माना जा रहा था। 19 दिन तक कलक्ट्रेट में चले धनगर समाज के आंदोलन में भी वह शामिल हुए और धनगरों को लुभाने की पूरी कोशिश की। इसके साथ-साथ हाथरस, सादाबाद, इगलास, सिकंदराराऊ और छर्रा विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलनों के जरिए अपनी जमीन को मजबूत करनी शुरू की। बसपा के पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय ने भी उन्हें पूरा सहयोग देने की बात कही। इसी के तहत बुधवार को बसपा के बैनर तले बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन भी होने जा रहा है। अब वे बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ नामांकन की तैयारियों में जुट गए हैं।
भाजपा-कांग्रेस के नहीं खुले पत्ते
चुनाव की घोषणा के साथ ही चुनावी बिसात बिछ गई है। अभी तक रणबांकुरों का इंतजार है। अब नजरें भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी पर हैं। इनके प्रत्याशियों के नाम में देरी दोनों दलों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है, क्योंकि नामांकन के बाद उन्हें प्रचार के केवल 20 से 25 दिन ही मिलेंगे। सूत्रों की मानें तो भाजपा प्रत्याशी की घोषणा 15 मार्च के बाद ही होगी। कांग्रेस प्रत्याशी पर मुहर लग चुकी है, उसकी घोषणा एक-दो दिन में हो सकती है। वैसे माना जा रहा है कि इस बार चुनाव में गठबंधन और भाजपा प्रत्याशी के बीच ही सीधा मुकाबला होगा।
महागठबंधन का सम्मेलन आज
हाथरस : बहुजन समाज पार्टी के बैनर तले समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल का संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन बुधवार को शिवा गार्डन में होगा। इसके लिए तैयारियां कर ली गई हैं। सम्मेलन में गठबंधन के प्रत्याशी रामजीलाल सुमन के साथ-साथ मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय होंगे। अध्यक्षता बसपा के जिलाध्यक्ष महेश बाबू जी कुशवाह करेंगे। सम्मेलन में बसपा के साथ-साथ सपा और रालोद के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी शामिल होंगे।