वट वृक्ष हटवाने की हठ ने कराया बवाल
ग्रामीणों ने लगाया जाम, पुलिस पर पथराव, इंस्पेक्टर घायल, कई घंटे चला हंगामा ब्लर्ब- सादाबाद-राया मार्ग पर इस पेड़ के कारण हो रहे सड़क हादसे, अनदेखी पर भड़का आक्रोश
संवाद सूत्र, हाथरस : सड़क हादसे के लिए जिम्मेदार विशाल वट वृक्ष के कारण सादाबाद-राया मार्ग पर बुधवार को बवाल हो गया। प्रशासन की अनदेखी से परेशान ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। पेड़ कटने तक भूख हड़ताल की बात कही। पुलिस के लाठी फटकारने पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया, जिससे इंस्पेक्टर घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे भगदड़ मच गई।
राया-सादाबाद मार्ग पर सैनपुर मोड़ के निकट रजबहा गुजर रहा है। इस पर बना पुल संकरा व क्षतिग्रस्त भी है। वहां खड़े एक बरगद के पेड़ के कारण यह पुल नजर नहीं आता और वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। पूर्व में कई लोगों की मौत हो चुकी है। आठ फरवरी को बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई थी। तब भी ग्रामीणों ने जाम लगाया था। पुलिस ने समाधान का भरोसा दिया था। मंगलवार को फिर से दो बाइक सवार गिरकर घायल हो गए। इससे खफा सैकड़ों ग्रामीण पेड़ कटवाने की मांग को लेकर बुधवार की सुबह नौ बजे सैनुपर मोड़ पर धरने पर बैठ गए। कुछ लोगों ने भूख हड़ताल भी शुरू कर दी। बीच सड़क पर बैठने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस मौके पर पहुंची मगर ग्रामीणों ने जाम नहीं खोला। शाम को पांच बजे के बाद कोतवाली सादाबाद के इंस्पेक्टर क्राइम उत्तम चंद पटेल चु¨नदा पुलिस कर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के न पहुंचने से ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर था। इंस्पेक्टर ने ग्रामीणों को हटाने का प्रयास किया तो नोकझोंक हो गई। पुलिस ने लाठियां फटकारीं तो ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इससे पुलिस बैकफुट पर आ गई। इंस्पेक्टर के घायल होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस पर हमले की जानकारी पर सीओ योगेश कुमार, इंस्पेक्टर अनिल कुमार ¨सह फोर्स के साथ पहुंचे। बड़ी संख्या में फोर्स के आने पर ग्रामीण सड़क से हटे तथा जाम खुल सका। अब पुलिस पथराव करने वालों को तलाश रही है। इनका कहना है
पेड़ कटवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जाम लगाया था। जब पुलिस ने समझाया तो ये लोग उग्र हो गए तथा पथराव कर दिया। पुलिस की ओर से लाठीचार्ज नहीं किया गया है। हंगामा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
-योगेश कुमार, सीओ सादाबाद