बारिश के बाद तेज हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन
बादलों को चीरकर निकले सूर्य भगवान मामूली राहत ही दे पाए
संवाद सहयोगी, हाथरस : गुरुवार की बारिश शुक्रवार को चली तेज ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। हालांकि शुक्रवार को सूर्य देव ने चमक जरूर बिखेरी मगर हवाओं के कारण ठंडक को मात नहीं दे पाए। तेज हवाओं से सरसों की फसल को भी आंशिक क्षति पहुंची है।
शुक्रवार को सुबह का स्वागत कोहरे ने किया। दिन निकलने के बाद भी धुंधलापन छाया रहा। हवाएं चलीं तो कोहरा छंट गया। दोपहर में सूर्य देव ने कुछ राहत दी, पर यह गर्मी भी चल रही सर्द हवाओं के सामने फीकी लग रही थी। सुबह बच्चों को लोगों ने स्वेटर आदि गर्म कपड़े पहनाकर स्कूल भेजा। गुरुवार को हुई बारिश के चलते अचानक सर्दी बढ़ गई है। बादलों की घेराबंदी के कारण दोपहर तीन बजते ही दिन ढलता सा दिखने लगता है। सर्दी के दिनों में बच्चों, बुजुर्गों के साथ बीमार लोगों के प्रति अधिक सावधानी बरती जा रही है। सरसों की फसल गिरी
सादाबाद : गुरुवार की शाम से लेकर देर रात्रि तक तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश के कारण किसानों के चेहरे पर चिता की लकीरें खिच आई हैं। बिसावर में गुरुवार रात को आई तेज बरसात व आंधी से खेतों में खड़ी सरसों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों ने बताया कि लाहा की फसल खेत में बिछ गई है। फसल से फूल झड़ गया है। तना कमजोर पड़ गया है। अगर और बारिश हो जाती है तो फसल सड़ जाएगी।