नौ माह में बिखर गया प्रेम विवाह का रिश्ता
हाइडिल के जेई पर पत्नी ने शराब के नशे में हंगामा करने का लगाया आरोप पुलिस ने हिरासत में लिया, कई दिन से पति-पत्नी में चल रही अनबन
संवाद सहयोगी, हाथरस : नौ महीने पहले जिस प्रेम विवाह के चक्कर में हाइडिल के जेई को हवालात की हवा खानी पड़ी, वह रिश्ता नौ दिन के विवाद में बिखर गया। पति-पत्नी का अनबन थाने तक पहुंच गया है।
यह युवक अलीगढ़ के सब-स्टेशन पर तैनात है। लड़का व लड़की कोतवाली सदर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पड़ोस में रहने के कारण दोनों काफी समय से एक-दूसरे को जानते थे। उन्हें पता था कि पास-पड़ोस का मामला होने के कारण परिजन शादी के लिए तैयार नहीं होंगे, इसलिए नौ महीने पहले दोनों ने आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी। युवक के अनुसार शादी के बाद कुछ दिन ही अलीगढ़ में वे साथ रहे। इसके बाद उसकी पत्नी हाथरस आ गई। हाथरस से फिर अपनी रिश्तेदारी में दिल्ली चली गई। उसने कई बार पत्नी को बुलाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं आई। युवक के अनुसार दो महीने पहले वह उसे बुलाने दिल्ली भी गया, लेकिन वहां पुलिस से पकड़वा दिया। वहां उसके साथ मारपीट भी की गई। कुछ दिन पहले युवती हाथरस में अपने घर आ गई। इस बात की जानकारी होने पर युवक गुरुवार रात उसके घर पहुंच गया। युवक ने शराब पी रखी थी। उसने लड़की पर साथ चलने के लिए दबाव डाला। वहां काफी हंगामा हुआ। लड़की वालों ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। दूसरे दिन युवती ने कोतवाली पहुंचकर परेशान करने का आरोप लगाया, लेकिन कोई लिखित शिकायत नहीं दी। एसएचओ जसपाल ¨सह पंवार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद है। हंगामा करने पर युवक को हिरासत में लिया गया था। यदि कोई तहरीर मिलती है तो मामला मीडिएशन सेंटर भेज दिया जाएगा।