शहर में बैंडबाजे के साथ धूमधाम से निकली श्रीराम बरात
रामदरबार मंदिर परिसर में सजाई गई मिथिला नगरी बूटिया परिवार ने विधि-विधान से संपन्न कराया एक जोड़े का विवाह।
संवाद सहयोगी, हाथरस : श्रीराम विवाह महोत्सव बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। प्रभु श्रीराम की बरात शहर में गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में सीता राम के स्वरूप में एक जोड़े के विवाह की रस्म माता जानकी के कन्यादान के साथ पूरी कराई गई।
श्रीराम विवाह महोत्सव का आयोजन बूटिया परिवार और श्रीराम दरबार प्रभात फेरी मंडल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। हनुमान गली स्थित श्री हनुमान मंदिर को सुबह से ही सजाया जा गया था। बुधवार की शाम को करीब 5.30 बजे विधिवत पूजा अर्चना के साथ श्रीराम की बरात निकाली गई। घोड़े की बग्घी में सवार प्रभु श्रीराम के साथ लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न के स्वरूप सभी के आकर्षण के केंद्र बने हुए थे। बैंडबाजों पर धार्मिक धुनों पर महिला श्रद्धालु भी थिरकते हुए चल रही थीं।
बरात का जगह-जगह स्वागत
प्रभु श्रीराम की बरात हनुमान गली स्थित मंदिर से शुरू हुई। शहर के नयागंज चौराहा, मोती बाजार, पत्थर बाजार, सराफा, गुड़हाई, कमला बाजार, बागला कालेज मार्ग, गांधी पार्क तिराहा होते हुए रामदरबार मंदिर परिसर पहुंची। बाजारों में जगह-जगह भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने दूल्हे के रूप में चल रहे राम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न पर पुष्प वर्षा की।
जगमगाई मिथिलानगरी :
मार्गशीष शुक्ल पक्ष की पंचमी को हरसाल की भांति इस साल भी श्रीराम विवाह हुआ। इसके लिए तालाब चौराहा स्थित श्रीराम दरबार परिसर में भव्य रूप से मिथिलानगरी को सजाया गया था। शाम होते ही यह रंगीन रोशनी से जगमगा उठी। मनोज बूटिया व उनकी पत्नी ने चारों दूल्हों का पूजा-अर्चना कर स्वागत किया। बरात में शामिल बरातियों ने दावत के रूप में प्रसाद ग्रहण की। हमेशा के लिए विवाह बंधन में बंध गए राम व सीता के स्वरूप
श्रीराम विवाह में राम के स्वरूप में केशव शर्मा निवासी आदर्श नगर एवं सीता के स्वरूप में कल्पना निवासी गारवगढ़ी इसी विवाह मंडप में मैथिल पद्धति से हुए विवाह में सात फेरे लेने के बाद हमेशा के लिए दांपत्य-सूत्र में बंध गए। आयोजकों की ओर से नवदंपती को गृहस्थी का सामान दान स्वरूप दिया गया। इसमें भोलेशंकर, राकेश बूटिया, संजीव बूटिया, मुकेश शर्मा, सतीश कुमार, हरगोविद मौजूद थे।