खरीद केंद्र खुला है, पर धान खरीद नहीं हो रही
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने किया धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय पर खोला गया कंट्रोल रूम।
जासं, हाथरस : डीएम के निर्देश पर जनपद में धान खरीद में प्रगति लाने के लिए जिला खाद्य विपणन अधिकारी शिशिर कुमार ने नवीन मंडी स्थल, हाथरस मंडी स्थित सरकारी धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। मंडी हाथरस में क्रय एजेंसी खाद्य विभाग के एक एवं भारतीय खाद्य निगम के एक धान क्रय केंद्र संचालित हैं। निरीक्षण के दौरान एक केंद्र खुला था, मगर धान खरीद नहीं हुई थी। इस पर नाराजगी जाहिर की।
खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर किसान राजेंद्र सिंह निवासी ग्राम-गढ़ी बलना, हाथरस से 70 क्विटल धान की खरीद हुई है। भारतीय खाद्य निगम के क्रय केंद्र पर अभी खरीद शुरू नहीं हुई है। इस पर असंतोष व्यक्त करते हुये केंद्र प्रभारी को तत्काल खरीद प्रारंभ करने के निर्देश दिए। मंडी में बासमती, सुगंधा प्रजाति के धान की ही आवक हो रही है, जिसका मूल्य सामान्य धान का भाव 1940 रुपये प्रति क्विटल से अधिक आढ़त पर होने के कारण धान क्रय केंद्रों पर किसान नहीं आ रहे हैं। अब तक जनपद में 12 किसानों से कुल 442 क्विटल धान की खरीद ही हो पाई है।
जनपद में धान क्रय के लिए कुल 20 केंद्र अनुमोदित हैं, जिसमें खाद्य विभाग के चार, पीसीएफ के 14 तथा भारतीय खाद्य निगम का एक क्रय केंद्र संचालित है। मंडी परिषद को सिकंदराराऊ मंडी में एक क्रय केंद्र संचालित करने के लिए कहा गया है।
धान खरीद संबंधी शिकायत एवं निस्तारण के लिए जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय पर कंट्रोल रूम संचालित है जिसमें मोबाइल नंबर 8868808133 एवं 9410043489 क्रियाशील हैं।