कोटेदारों की समस्या को लेकर प्रांतीय पदाधिकारी पहुंचे गोदाम
संसू, हाथरस : सिकंदराराऊ में आदर्श कोटेदार एवं उपभोक्ता वेलफेयर एसोसिएशन की प्रातीय पदाधिकारियों की
संसू, हाथरस : सिकंदराराऊ में आदर्श कोटेदार एवं उपभोक्ता वेलफेयर एसोसिएशन की प्रातीय पदाधिकारियों की टीम ने बुधवार को राज्य खाद्य एवं आवश्यक वस्तु निगम के स्थानीय गोदाम पर पहुंचकर खाद्यान्न उठान का जायजा लिया। इस अवसर पर राशन डीलरों ने उनको अपनी समस्याएं बताईं। टीम ने इस संबंध में उप जिलाधिकारी विजय शर्मा से बात की। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक यतीश गुप्ता मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में खाद्यान्न का उठान किया गया।
बुधवार को एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री विजय विक्त्रम सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष पूरणमल प्रेमी, मंडल महासचिव संजय दुबे एवं जिला अध्यक्ष विमल उपाध्याय , सिकंदराराऊ ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र, हसायन ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश चंद स्थानीय गोदाम पर पहुंचे। काफी देर तक गोदाम प्रभारी जगमोहन वहा नहीं आए तो उन्होंने उप जिलाधिकारी विजय शर्मा से शिकायत की। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक यतीश गुप्ता मौके पर पहुंचे। इसके बाद गोदाम प्रभारी जयपुर सिंह भी आ गए। डीलरों की शिकायत थी कि राज्य खाद्य एवं आवश्यक वस्तु निगम के गोदामों पर राशन माफिया द्वारा दबंगई दिखाते हुए कोटेदारों से खाद्यान्न उठान के दौरान अनावश्यक कटौती की जाती है एवं पल्लेदारी के नाम पर 12 रुपये प्रति कुंतल अवैध वसूली की जाती है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि खाद्य आयुक्त के 27 सितंबर 2018 के आदेश के मुताबिक कोटेदारों को शत-प्रतिशत खाद्यान्न एवं मिट्टी के तेल का शत-प्रतिशत तोल एवं माप मिलना चाहिए। राशन डीलरों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पूर्ति निरीक्षक यतीश गुप्ता ने बताया कि गोदाम पर लोडिंग एवं अनलोडिंग करने वाली लेबर को लेकर समस्या है। अब तक लेबर 12 रुपये प्रति कुंतल डीलरों से लेती रही है, लेकिन अब डीलर इसमें कमी चाहते हैं। लेबर से इस बात के लिए समझौता नहीं हो पा रहा है। राशन डीलरों से कह दिया गया है कि वह राशन की उठान के लिए अपनी लेबर साथ लेकर आएं।