पुलिस-प्रशासन पर हावी खनन माफिया
कस्बा तथा देहात क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रहा है मिट्टी का अवैध खनन ब्लर्ब - उप जिलाधिकारी से शिकायत कर खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग
संवाद सूत्र, हाथरस : सादाबाद नगर व देहात क्षेत्र खनन माफिया हावी हैं। मिट्टी का अवैध खनन बड़े पैमाने पर चल रहा है। प्रतिदिन पुलिस व प्रशासन की नाक के नीचे से होकर मिट्टी भरे डंपर व ट्रैक्टर ट्रॉली निकलते हैं, लेकिन पुलिस व प्रशासन द्वारा इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती। इससे ये लोग बुलंद हौसलों के साथ अपने काम में जुटे हुए हैं। अवैध खनन को लेकर उप जिलाधिकारी को एक शिकायत दी गई है।
प्रदेश सरकार ने जब से मिट्टी पर रॉयल्टी खत्म की है, तब से खनन माफिया दबंगई के साथ मिट्टी का खनन कर बेचने का काम जबरदस्त तरीके से कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि इन्हें रोकने वाला अब कोई नहीं है। यह लोग प्रशासन से 3 फुट मिट्टी की परमीशन कृषि कार्य के लिए लेकर आते हैं, जबकि वास्तविकता में कस्बा तथा देहात क्षेत्र में मिट्टी बेचने का काम करते हैं। पहले ट्रैक्टर ट्रॉली के माध्यम से मिट्टी बेची जाती थी, लेकिन अब तो ये लोग बड़े पैमाने पर डंफर के माध्यम से मिट्टी बेच रहे हैं। एक डंपर-ट्रक की मिट्टी 3000 रुपये का बेची जाती है। सबसे मजे की बात यह है कि मिट्टी से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली अथवा डंपर पुलिस प्रशासन के सामने से ही होकर निकलते हैं। लेकिन पुलिस असहाय नजर आती है।
अवैध खनन को लेकर टीकम नगर (नगला मियां) निवासी घनश्याम सिंह पुत्र नारायण सिंह ने उप जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया है, जिसमें कहा गया है कि गांव शेरपुर से नगला जयलाल आने -जाने तथा कृषि कार्य हेतु चक मार्ग छोड़ा गया था। उक्त चक मार्ग के सहारे उनके पड़ोसी काश्तकार द्वारा अवैध रूप से मिट्टी खनन किया जा रहा है। जब उन्होंने खनन के कार्य को रोकने के लिए कहा तो वे लोग झगड़े पर आमादा हो गए। शिकायतकर्ता ने अवैध खनन करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।