गढ़ी नौकस में चले डंडे, चार घायल
दोनों पक्षों ने कोतवाली में दी तहरीर हुआ चिकित्सीय परीक्षण।
संवाद सूत्र, हाथरस : सादाबाद के गांव गढ़ी नौकस में गुरुवार को दो पक्षों में मामूली बात पर विवाद हो गया। वाद-विवाद व गाली-गलौज के बाद जमकर लाठी-डंडे चले जिसमें दोनों तरफ से चार लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने तहरीर दे दी है।
गढ़ी नौकस निवासी शिवनारायण ने कोतवाली में तहरीर देते हुए कहा है कि 16 सितंबर को शाम करीब साढ़े छह बजे वह सादाबाद से घर पहुंचे, तभी गांव के कुछ युवक डंडे लिए उनके घर में घुस आए और गाली गलौज करते हुए उन्हें पकड़कर मारपीट करने लगे। शोर सुनकर उनका भाई धर्मवीर और उसकी पत्नी आदि बचाने आए तो उनको भी इन लोगों ने डंडों से पीटा। सभी ग्रामीण एकत्रित हो गए तब ये लोग धमकी देकर चले गए। वहीं दूसरे पक्ष से सत्य प्रकाश ने तहरीर देते हुए कहा है कि वह अपनी भैंस दुह रहे थे तभी प्रथम पक्ष के लोग गालियां देते हुए आए और उन्हें पकड़ लिया। बुरी तरह ठंडे तथा ईंट से मारपीट करने लगे। शोर सुनकर उनकी नातिन खुशबू, भाई ओमवीर उन्हें बचाने आए तो इनको भी बुरी तरह से पीटा। मौके पर बहुत से लोग आ गए, तब धमकी देते हुए चले गए। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर जांच कर रही है। बच्चों के विवाद में हुई मारपीट, चार घायल
मुरसान के गांव कोटा में विद्युत केबल को लेकर हुआ विवाद, गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं का जिला अस्पताल में उपचार संसू, मुरसान : मुरसान के गांव कोटा में गुरुवार दोपहर को बच्चों के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।
मुरसान के गांव कोटा के रहने वाले डालचन्द्र ने बताया कि उनके घर के पास में ओमहरी का मकान है, जहां बिजली की केबल को लेकर बच्चों में कहासुनी हो गयी। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में लाठी डंडों से मारपीट हो गई। एक पक्ष ने फावड़े से हमला कर दिया, जिसमें कुसुमलता व रजनी गंभीर रूप से घायल हो गईं। रजनी और कुसुमलता को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस तहरीर के आधार पर छानबीन कर रही है।