पिछली साल से कम धान खरीद लक्ष्य पाने के लिए बहा रहे पसीना
मशक्कत -सरकारी खरीद केंद्रों पर महिला किसानों का पहले खरीदा जाएगा धान -ग्राम प्रधान सहित विशिष्ट लोगों से बनाया जा रहा हैं संपर्क
संवाद सहयोगी, हाथरस : धान खरीद का लक्ष्य पिछली साल पूरा न होने के बाद इस बार कम मिले लक्ष्य को भी पूरा करने के लिए अफसर खूब हाथ पैर मार रहे हैं। अब महिला किसानों को खरीद केंद्र पर वरीयता दी जाएगी। उम्मीद है कि मंडी में खरीद केंद्रों पर तीन-चार दिन में धान की आवक शुरू हो जाएगी। क्रय केंद्रों तक धान लाने के प्रयासों में विभागीय अधिकारियों ने किसानों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है।
पिछली साल जनपद को धान खरीद का लक्ष्य 1400 एमटी मिला था, लेकिन 1252 एमटी ही धान खरीद पाए थे, जबकि इस बार 1300 एमटी मिला है। सरकारी क्रय केंद्रों पर बुधवार को भी सन्नाटा पसरा रहा। धान खरीद का लक्ष्य पूरा करने के लिए पिछली बार धान बेचने आए किसानों से संपर्क बनाए जा रहे हैं। उन क्षेत्रों के ग्राम प्रधान के अलावा विशिष्ट लोगों से भी संपर्क किया जा रहा है। इतना ही नए किसानों का धान भी क्रय केंद्रों पर खरीदा जाएगा। इनमें बाकी और बंटाई पर खेती करने वाले किसानों को भी धान बेचने की सुविधा दी जा रही है।
इनकी सुनो
धान की खरीद के लिए किसानों से संपर्क बनाने शुरू कर दिए हैं। शीघ्र ही क्रय केंद्रों पर धान की आवक शुरू होने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। निर्धारित लक्ष्य को भी समय से पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
-अशोक कुमार, जिला खाद्य व विपणन अधिकारी