विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 29, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बुखार के प्रकोप ने ली महिला की जान, पति गंभीर

By JagranEdited By:
Published: Tue, 29 Oct 2019 12:53 AM (IST)

चंदपा के गांव कछपुरा में वायरल के साथ डेंगू की आशंका 200 लोगों का हुआ परीक्षण सदमे में गांव -कछपुरा ...और पढ़ें

बुखार के प्रकोप ने ली महिला की जान, पति गंभीर
बुखार के प्रकोप ने ली महिला की जान, पति गंभीर

संवाद सहयोगी, हाथरस : चंदपा के गांव कछपुरा में फैले बुखार ने दीपावली के दिन महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति व तीन बच्चे बुखार से जूझ रहे हैं। पूरे गांव में फैले बुखार से ग्रामीण भयभीत हैं। मलेरिया के साथ डेंगू की आशंका है। घर-घर चारपाई बिछी हुई है और सैकड़ों लोग बीमार हैं। सोमवार को ग्रामीणों के हंगामा करने के बाद गांव में कैंप लगवाया गया। एसडीएम सदर व सीएमओ भी गांव पहुंचे।

गांव कछपुरा में एक सप्ताह से बुखार का प्रकोप है, मगर स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी नहीं थी। हालत ज्यादा खराब होने पर रविवार को दीपावली के दिन टीम गांव में गई, मगर खानापूर्ति करके लौट आई। गांव के अजीत तथा उनकी पत्नी नीलम (35), बेटी नेहा (13), नीतू (09) और बेटा अरुण (11) भी बुखार से पीड़ित थे। रविवार रात नीलम की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और फिर उनकी मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बीमार लोगों को सादाबाद के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहां भी हालत बिगड़ने पर अजीत को आगरा के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

हंगामे के बाद जागे :

सोमवार की सुबह ग्रामीण ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के न आने पर हंगामा किया। विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा से शिकायत की तब स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में फॉगिग कराई। साथ ही कैंप लगाकर मरीजों को दवाई वितरित की। हंगामे की सूचना पर सीएमओ डॉ. ब्रजेश राठौर व एसडीएम सदर नीतीश कुमार गांव पहुंचे। दोपहर में गांव से मनोज कुमार के 10 वर्षीय पुत्र मधुर व मेघसिंह की 16 वर्षीय पुत्री आरती सहित कुल 20 लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया।

दो सौ की स्लाइड बनी :

गांव में दो सौ से अधिक लोगों की स्लाइड बनाई गई। डेंगू की आशंका का डर भी ग्रामीणों को सता रहा है। सीएमओ डॉ. ब्रजेश राठौर ने बताया कि महिला की मौत बुखार के साथ-साथ उल्टी होने से हुई है।

गांव में बुखार से अधिकतर

बीमार, फीका हुआ त्योहार

संस, हाथरस : चंदपा के गांव कछपुरा में बुखार के प्रकोप के कारण अधिकतर लोग बीमार हैं। रविवार को दीपावली पर घरों में त्योहार फीका रहा। महिला की मौत से ग्रामीणों का मन उदास था और वे स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर अक्रोशित थे।

गांव में एक हफ्ते से लोग बुखार, मलेरिया से पीड़ित थे। गांव में फैली गंदगी देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि वहां त्योहार पर भी साफ सफाई नहीं की गई। मच्छरों के प्रकोप के कारण बुखार के संक्रमण ने गांव के अधिकतर लोगों को जकड़ लिया। रविवार रात महिला की मौत से हाहाकार मचा। ग्रामीण त्योहार छोड़कर मृतका के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। अन्य बीमार परिजनों को बेहतर इलाज की कोशिशें तेज हुईं।