Move to Jagran APP

जनपद के 29 आश्रय स्थलों में सिर्फ 84 लोग ठहरे

हालात दो दिन में अब तक 84 लोग आश्रय स्थल में भिजवाए कई पड़े हैं खाली बढ़ी सख्ती कोरोना महामारी से बचाने के लिए जनपद भर 29 आश्रय स्थल बनाए लॉकडाउन खत्म होने के बाद ही छोड़ेगा अब प्रशासन

By JagranEdited By: Published: Wed, 01 Apr 2020 12:23 AM (IST)Updated: Wed, 01 Apr 2020 12:23 AM (IST)
जनपद के 29 आश्रय स्थलों में सिर्फ 84 लोग ठहरे
जनपद के 29 आश्रय स्थलों में सिर्फ 84 लोग ठहरे

जागरण संवाददाता, हाथरस : कोरोना वायरस से मुकाबला करने के लिए लॉकडाउन के बीच घर लौट रहे लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगाने के बाद प्रशासन से ऐसे लोगों को आश्रयस्थलों में रखना शुरू कर दिया है। दो दिन के अंदर यहां 84 लोगों को रखा गया है। अभी कई खाली पड़े हुए हैं। वहां पर रुकने वालों के लिए भोजन से लेकर ठहरने तक का इंतजाम किया गया है। 14 दिन तक ऐसे लोगों को 29 आश्रय स्थल में रखा जाएगा।

loksabha election banner

शहर में बागला कॉलेज समेत तीन स्थानों पर आश्रय स्थल बनाए गए हैं। मंगलवार की दोपहर साढ़े 12 बजे जब बागला कॉलेज में बनाए गए आश्रय स्थल को देखा तो देखा तो वहां इंतजाम ठीक थे। दो बड़े कमरों में लोगों के ठहरने का इंतजाम किया गया था। कॉलेज के शिक्षक जय शर्मा ने बताया कि रात में करीब आठ लोगों को लाया गया था, जिनके लिए भोजन आदि का इंतजाम किया गया है। दोनों कक्षों में आए लोगों को एक मीटर की दूरी पर रखा गया था। दोपहर डेढ़ बजे बस स्टैंड पर बने आश्रय स्थल पर सन्नाटा पसरा हुआ था। यहां लोगों के लिए बैड और बिस्तर की व्यवस्था की गई है।

जिला पंचायतराज अधिकारी बनवारी सिंह के अनुसार हाथरस में तीन आश्रय स्थलों में नौ लोग, मुरसान में 11 आश्रय स्थलों में 17 लोग, सासनी के दो आश्रय स्थलों में पांच लोग, हसायन के चार आश्रय स्थलों में 15 लोग, सादाबाद के छह आश्रय स्थलों में 12 लोग, सहपऊ के तीन अश्रय स्थलों में 10 लोग ठहराए गए हैं। इन सभी में 696 लोगों के रखने की व्यवस्था है। अभी प्राइमरी स्कूल और पंचायतघरों को भी आश्रय स्थल के रूप में बनाया गया है। आवश्यकता पड़ने पर इंटर कालेज को बना सकते हैं। इसके अलावा 29 मार्च तक जिले के 385 लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है।

-

सिकंदराराऊ में खाली हैं आश्रय स्थल

सिकंदराराऊ : प्रशासन ने यहां राजकमल पब्लिक स्कूल और जेपी हॉस्पिटल में आइसोलशन वार्ड और आश्रय स्थल की व्यवस्था की है। मंगलावार को दोपहर एक बजे जेपी हॉस्पिटल में वार्ड में बिस्तर, गद्दा बिछे हुए थे। सफाई संतोषजनक थी। यहां कोई भी व्यक्ति अभी नहीं पहुंचा है। वहीं राजकमल पब्लिक स्कूल के चार कक्षों में आश्रय स्थल बनाया गया है। यहां गद्दे बिछाए गए हैं। दोपहर 2:40 बजे तक यहां भी कोई व्यक्ति अभी नहीं भेजा गया है। दोनो ही स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा।

डीएम ने किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण

मंगलवार को जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने अपर जिलाधिकारी जेपी सिंह, उप जिलाधिकारी हाथरस राम जी मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार राठौर के साथ संयुक्त रूप से जायजा लिया। काम की तलाश में विष्णुपुरी हाथरस में रह रहे जरूरतमंद 16 लोगों को को जिलाधिकारी ने खाद्य सामग्री के पैकेट दे कर राहत दी। डीएम ने बस स्टेशन पर नगर पालिका हाथरस द्वारा बनाए गए आश्रयस्थल में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निर्देश दिया है कि जो लोग बाहर से आए हैं उनका नाम, पता, मोबाइल नंबर नोट करने के साथ ही उनका चेकअप अनिवार्य रूप से कराया जाए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.