एक करोड़ का विद्युत बकायेदार गिरफ्तार
चंदपा के कोल्ड स्टोरेज संचालक पर 12 साल से चल रहा मुकदमा कुर्की नोटिस जारी होने के बाद हुई गिरफ्तारी, भाई व भाभी फरार
संवाद सहयोगी, हाथरस : बिजली विभाग के एक करोड़ रुपये के बकायेदार चंदपा के कोल्ड स्टोरेज संचालक को पुलिस ने बुधवार देर रात गिरफ्तार किया। गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश किया। उस पर पिछले 12 साल से मुकदमा चल रहा है। आरोपित तारीखों पर हाजिर नहीं हो रहा था। कोर्ट ने कुर्की नोटिस जारी कर दिए थे। बुधवार को दी गई दबिश में वह हाथ लग गया। अभी दो आरोपित फरार चल रहे हैं।
चंदपा एसएचओ विनोद कुमार ने बताया कि विनोद व रामेश्वर पुत्रगण नंदनलाल निवासी महमूदपुर ब्राह्मणान का केवलगढ़ी पर परसादीराम तुर्सी राम के नाम से कोल्ड स्टोरेज है, जो फिलहाल बंद है। वर्ष 2006 में संचालन के दौरान कोल्ड स्टोरेज पर एक करोड़ रुपये का बकाया हो गया था। बकाया न चुकाने पर विद्युत विभाग की ओर से विनोद, रामेश्वर व उनकी पत्नी गायत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। यह मुकदमा अब एडीजे कोर्ट-प्रथम में ट्रायल पर चल रहा है। एसएचओ के अनुसार तीनों काफी समय से गैरहाजिर चल रहे थे तथा गांव से फरार हो गए थे। कोर्ट ने वारंट जारी किए। इसके बाद धारा 82 की कार्रवाई हुई। इस सप्ताह कुर्की नोटिस भी जारी कर दिए। पुलिस कुर्की की तैयारी कर रही थी। इसी बीच बुधवार की रात सूचना मिली की विनोद घर पर ही है। पुलिस ने दबिश देकर विनोद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार विनोद के भाई व भाभी राजस्थान में छिपे हुए हैं। पुलिस के अनुसार परिवार की माली हालत ठीक है। रामेश्वर मार्बल का काम करते हैं तथा विनोद किसान हैं। एसएचओ ने बताया कि फरार रामेश्वर व उनकी पत्नी की भी तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी न होने पर इनके घर की कुर्की की जाएगी।