एनओसी मिली, जल्द शुरू होगा पुल का निर्माण
अनापत्ति प्रमाण पत्र न होने के कारण दो माह से रुका था काम मैंडू रोड नाले का काम
अनापत्ति प्रमाण पत्र न होने के कारण दो माह से रुका था काम मैंडू रोड नाले का काम
संवाद सहयोगी, हाथरस : मेंडू रोड स्थित गंदे नाले पर पुल निर्माण का कार्य फिर से शुरू होगा। वन विभाग से इसके लिए अनापत्ति मिल गई है। इसके लिए निर्माणदायी संस्था सीएनडीएस के मामूली धनराशि जमा करने के बाद यह निर्माण शुरू हो जाएगा।
मेंडू रोड पर सीएनडीएस की ओर से पुल का निर्माण सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन कार्यालय के समीप किया जा रहा है। यह पुल पुराने पुल के समीप ही है। करीब 35 लाख की धनराशि से इस पुल का निर्माण कराया जा रहा है। पुराने पुल के संकुचित होने के चलते यहां आये दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। सर्दी के मौसम में कोहरे के समय तो यह पुल पास से भी वाहनस्वामियों को नहीं दिखता है। जनपद में यह पुल दुर्घटना प्वाइंट्स के रूप में चिह्नित है। दुर्घटनाओें पर अंकुश लगाने के लिए पिछले कई वर्षों से इस प्राचीन पुल को चौड़ा करने की मांग भी होती आ रही थी। सरकार के बजट पारित करने के बाद पुल का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया था। इस पुल का निर्माण मथुरा- बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग के हिसाब से कराया जा रहा है। इसके लिए बाकायदा अस्थाई मार्ग बनाकर हो रहे कार्य को करीब दो माह पहले वन विभाग ने रुकवा दिया था। पुल बनाने से पहले कोई अनुमति वन विभाग से नहीं ली गई थी। इसी के चलते दो माह से यह काम रुका हुआ था। जिलाधिकारी ने इसकी एनआरसी के लिए शासन को पत्र लिखा। 33 बिदुओं की रिपोर्ट बनाकर भेजी। तब कहीं जाकर यह अनापत्ति मिल पाई है। अब मामूली धनराशि वन विभाग में जमा करने के साथ ही 15 दिन के भीतर यह काम शुरू हो जाएगा। वर्जन ---
पुल निर्माण कार्य शुरू होने के करीब दो माह बाद निर्माण कार्य रुकवाया गया। इसके चलते करीब 15-20 लाख रुपये का माल खुले में पड़ा हुआ है। कार्य पूरा नहीं होने से पेमेंट भी नहीं हो पा रहा है। इससे त्योहार पर पैसों की तंगी के चलते मजदूरों का भी पेमेंट नहीं हो पा रहा है।
-अशोक कुमार, ठेकेदार पुल निर्माण कार्य शुरू होने के बाद ही वन विभाग ने अपनी जमीन बताते हुए कार्य बंद करा दिया था। इसकी एनओसी के लिए 33 बिदुओं की रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी गई। अब एनओसी मिल गई है। जल्द ही यह काम शुरू करा दिया जाएगा।
-प्रवीण कुमार लक्षकार, जिलाधिकारी हाथरसर