दोस्त को मारने वाला नौरंगीलाल गिरफ्तार
-सासनी में चंद्रमोहन हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी, दो फरार -पुराने झगड़े का बदला लेने के लिए कर दी थी चंद्रमोहन की हत्या
संवाद सहयोगी, हाथरस : चंद्रमोहन हत्याकांड में मुख्य आरोपित सुनील अभी पुलिस की पकड़ से दूर है, लेकिन उसका साथी नौरंगीलाल पुलिस के हाथ लग गया है। पूछताछ में उसने भी कई महत्वपूर्ण जानकारी दी है। बुधवार को इसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
चंद्रमोहन उर्फ गुड्डा चौधरी निवासी नगला गजुआ, मुरसान अपने दोस्तों का ही शिकार हो गया। सुनील निवासी सीकुर, सासनी से तीन महीने पहले उसका झगड़ा हुआ था। दोनों साथ में बिजली गोदाम पर काम करते थे। सुनील की हरकतों के कारण वह परेशान था। चंद्रमोहन नहीं चाहता था कि वह उसके घर आए। सुनील की आदतें खराब थीं। यही विरोध चंद्रमोहन के लिए भारी पड़ गया। सुनील ने अपने साथ ओमप्रकाश उर्फ ओमी निवासी पिसावा इगलास, भूरा पुत्र फौरन ¨सह व नौरंगीलाल पुत्र फतहचंद्र निवासीगण गांव लोहर्रा, सासनी के साथ घटना को अंजाम दिया था। पुलिस भूरा को जेल भेज चुकी है तथा उससे पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिल गई थी। मंगलवार देर शाम पुलिस ने नौरंगीलाल को भी गिरफ्तार कर लिया। वह सासनी क्षेत्र में ही छिपा था तथा भागने की फिराक में था। नौरंगीलाल के घर के सामने ही मढ़ैया मंदिर है, जहां चंद्रमोहन को शराब पिलाने के बाद मारा गया। नौरंगीलाल से काफी कुछ जानकारी मिली है। साथ ही पुलिस के हाथ सीसीटीवी फुटेज भी लगे हैं, जिनसे घटनाक्रम की पुष्टि हो रही है।
एसएचओ शैलेंद्र ¨सह ने बताया कि आरोपित हत्या करने के बाद दूसरे दिन रामघाट गंगा नहाने चले गए थे तथा वहां से रात को लौटे थे। इसके बाद से इधर-उधर छिपे हुए थे। मुख्य आरोपित सुनील व ओमप्रकाश फरार चल रहे हैं। इनके बारे में कोई सुराग नहीं है। ओमप्रकाश मृतक चंद्रमोहन का रिश्ते में साला लगता था, लेकिन इसके बाद भी उसने घटना में सुनील की मदद की।