नवीपुर में स्थाई अतिक्रमण ध्वस्त
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में सुबह के समय की गई कार्रवाई एक्शन अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस ने संभाल रखी थी सुरक्षा व्यवस्था पहले एक महीने फिर तीन दिन के नोटिस के बाद भी नहीं हटाया था
संवाद सहयोगी, हाथरस : नगर पालिका ने शनिवार को नवीपुर में स्थाई अतिक्रमण को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। इसके लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पालिका की टीम पुलिस फोर्स के साथ पहुंची थी।
पानी की निकासी के लिए नवीपुर में नगर पालिका की ओर से मार्ग के दोनों ओर नाली का निर्माण कराया जा रहा है। यह कार्य स्थाई अतिक्रमण के चलते करीब आठ महीने से रुका हुआ था। नाली नहीं बनने से सड़क भी नहीं बन पा रही थी। यहां आए दिन जलभराव की समस्या रहती थी। रास्ते में आ रहे स्थाई अतिक्रमण को हटाने के लिए पालिका ने पहले एक माह का उसके बाद तीन दिन का नोटिस संबंधित व्यक्ति को दिया था। अंतिम नोटिस की अवधि खत्म होते ही पालिका की टीम ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेमप्रकाश मीणा के नेतृत्व में दोपहर करीब बारह बजे नवीपुर पहुंच गई।
आधा घंटा ध्वस्तीकरण :
नगर पालिका की टीम ने वहां पहुंचकर सबसे पहले पैमाइश की। इस दौरान कुछ लोगों से अधिकारियों की नोक-झोंक भी हुई। अधिकारियों का निर्देश मिलते ही जेसीबी के पंजे ने अतिक्रमण पर हमला बोल दिया। करीब आधा घंटा के अंदर स्थाई निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। महिला सिपाहियों के साथ मौजूद पुलिस फोर्स के सामने विरोध करने की कोई हिम्मत नहीं जुटा सका। इनका कहना है
नवीपुर में स्थाई अतिक्रमण के चलते काफी समय ने नाली का निर्माण कार्य रुका पड़ा था। इसे ध्वस्त करा दिया गया है। शहर में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोग समय रहते अतिक्रमण खुद हटा लें अन्यथा अतिक्रमण ध्वस्त कर दिए जाएंगे।
-डॉ. विवेकानंद गंगवार, ईओ नगर पालिका हाथरस