नाबालिग से छेड़छाड़ नहीं, दुष्कर्म हुआ था
-पीड़िता ने मजिस्ट्रेट के समक्ष बताई आपबीती, तब तरमीम हुईं धाराएं -दुष्कर्म के आरोपित तीन युवकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, हाथरस : दस दिन पहले हाथरस जंक्शन कोतवाली में दर्ज किशोरी से छेड़छाड़ का मामला दुष्कर्म का निकला। धाराएं तरमीम होने के बाद मंगलवार को पुलिस ने आरोपित युवकों को गिरफ्तार किया तथा जेल भेजा।
हाथरस जंक्शन के गांव लाढ़पुर चौकी क्षेत्र के गांव में 11 नवंबर की शाम किशोरी दुकान पर सामान लेने गई थी। रास्ते में तीन युवक मिले तथा उसे डरा धमका कर एक प्लाट में ले गए। वहां उसके साथ एक युवक ने दोनों के सहयोग से दुष्कर्म किया। पीड़िता ने घर जाकर घटना की जानकारी दी। दूसरे दिन कोतवाली हाथरस जंक्शन में मामले की शिकायत हुई, जिस पर तीनों युवकों के खिलाफ छेड़छाड़ में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपित नरेंद्र, प्रवीण व अभिषेक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। चिकित्सीय परीक्षण के बाद पीड़िता के मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान हुए। बयान में किशोरी ने अपने साथ दुष्कर्म की बात बताई। कोर्ट के निर्देश पर मामला दुष्कर्म में तरमीम हुआ। तब से पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी। एसएचओ डीके सिसौदिया ने बताया कि तीनों युवकों को उनके गांव के पास से ही गिरफ्तार किया गया है।