मिर्जापाड़ा में भी मारपीट और पथराव, कई घायल
हाथरस : सादाबाद के मिर्जापाड़ा में दो पक्षों में मारपीट व पथराव हो गया। इसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस पहुंची, तब मामला शांत हुआ। घायलों को सीएचसी ले जाया गया।
हाथरस : सादाबाद के मिर्जापाड़ा में दो पक्षों में मारपीट व पथराव हो गया। इसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस पहुंची, तब मामला शांत हुआ। घायलों को सीएचसी ले जाया गया।
मिर्जापाड़ा निवासी नदीम पड़ोसी सलीम के दरवाजे पर मोबाइल से बात कर रहा था। सलीम की पत्नी ने उसे टोका तथा घर के बाहर बात करने से मना किया। इस पर नदीम व सलीम की पत्नी के बीच नोकझोंक हो गई। आरोप है कि इस बात पर नदीम अपने भाई व अन्य लोगों के साथ सलीम के घर पहुंच गया तथा वहां गाली-गलौज की। इस पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। गली में हंगामा खड़ा हो गया। काफी संख्या में लोग जमा हो गए। मारपीट के दौरान एक-दूसरे पर पत्थर भी फेंके गए। इसमें कई लोग घायल हो गए। पथराव से गली में भगदड़ मच गई। पथराव में सलीम पुत्र नन्हे खां, मुन्ना पुत्र इस्माइल, यावर पुत्र सलीम व नाजिम पुत्र मुन्ना घायल हो गए। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर हमलावर भाग खड़े हुए। पुलिस ने चारों घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराया। घटना के संबंध में सलीम की पत्नी हाजरा बेगम ने नदीम सहित पांच के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।