शिव योगी तुम्हरे गुण गावैं, ब्रह्मा विष्णु तुम्हें नित ध्यावैं
नवरात्र के चौथे दिन घरों और देवी पंडालों में स्कंद माता की विधि-विधान से की गई पूजा मंदिरों पर उमड़ी भीड़।
संवाद सहयोगी, हाथरस : शारदीय नवरात्र में देवी मंदिरों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही हाथ में लोटा व माथे पर चुनरी बांधे श्रद्धालु देवी मंदिरों पर आराधना में लीन नजर आते हैं। भक्ति की धुनें व घंटों का आवाज से मंदिर परिसर सुबह से शाम तक गुंजायमान रहता है।
नवरात्र के चौथे दिन रविवार को माता रानी के पांचवें स्वरूप की पूजा की गई। प्रसिद्ध देवी मंदिर चामुंडा देवी, बौहरे वाली देवी, पथवारी देवी, हाथुरसी देवी, चामड़ गेट देवी मंदिर पर लोगों की भीड़ रही। दूध, गंगाजल से अभिषेक के साथ रोली, पुष्प, लौंग जोड़ा फल देवी मां को अर्पित करते हुए सुख शांति की कामना की। शाम को भी देवी दर्शन के लिए स्वजनों के साथ श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे थे। मंदिरों पर हो रहे देवी जागरण
नवरात्र में देवी मंदिरों पर देवी जागरण, फूल बंगला, छप्पन भोग के दर्शन कराए जा रहे हैं। रमनपुर स्थित चामुंडा मंदिर पर सुबह हवन-यज्ञ और भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें महंत पाताल गिरी, संगम गिरी, आचार्य पंकज शास्त्री, भागवत आचार्य सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहते हैं। राम दरबार मंदिर में भी धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। प्रतिमा स्थापित कर हो रही पूजा
संसू, सादाबाद : कुरसंडा व निकट गांव में कई स्थानों पर माता रानी की प्रतिमा स्थापित की गई है। बालूगंज निवासी अतुल चौधरी ने अपने आवास पर माता रानी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना शुरू की है। कुरसंडा के अटाकी माता मंदिर पर बुधवार को भगवती जागरण किया जाएगा। जागरण में भक्ति की धुनों
पर थिरकते रहे श्रद्धालु
संसू, पुरदिलनगर : भैंकुरी चौराहे पर देवी जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें अलीगढ़ की प्रसिद्ध जागरण पार्टी के कलाकारों ने देवी भजनों की शानदार प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का समापन सुबह प्रसाद वितरण के साथ किया गया।