भाइयों की दीर्घायु की कामना
भैया दूज पर उमड़ा भाई-बहन का प्यार, मिले मनचाहे उपहार
संवाद सहयोगी, हाथरस : भाई बहन के पवित्र प्रेम का पर्व भैया दूज पांच दिवसीय दीपावली पर्व की श्रृंखला का अंतिम त्योहार था, जो शुक्रवार को भाई के सुख, समृद्धि और दीर्घायु की कामना के साथ गुजरा। बहनों ने तमाम मुश्किलों को झेलकर भाइयों का तिलक किया और उनकी दीर्घायु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प दोहराया और उन्हें आकर्षक गिफ्ट भेंट किए।
भैया दूज का बहनें सालभर इंतजार करती हैं। यह पर्व इनके पवित्र रिश्ते को मजबूती प्रदान करता है। यह परंपरा सदियों से ही चली आ रही है। बहनों के लिए यह दिन खास होता है। गोवर्धन पूजन के साथ ही बहनें भैया दूज की तैयारी में जुट जाती हैं। भैया दूज के दिन वाहनों की किल्लत को देखते हुए तमाम बहनें गोवर्धन पूजा करने के बाद ही भाइयों के घर पहुंच गई थीं। गोवर्धन पर बाजार में खरीदारी का दौर चला। मिठाई, फल, ड्राई फ्रूट्स गिफ्ट, कपड़ों की खरीदारी की गई। भाइयों ने भी बहनों को देने के लिए तरह-तरह के गिफ्ट खरीदे। शुक्रवार को मुहूर्त के अनुसार बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक के साथ-साथ रोली व चावल लगाए। मिठाई खिलाने के साथ-साथ गोला भी खिलाया। बहनों ने ईश्वर से अपने भाइयों की लंबी आयु के लिए दुआएं मांगीं। भाइयों ने बहनों की पसंद का गिफ्ट देने के साथ उनकी रक्षा का संकल्प भी दोहराया। तमाम बहनें ऐसी थीं जिन्हें सफर में कठिनाइयां हुई, लेकिन भाई से मुलाकात के बाद उनके चेहरे पर खुशी देखने लायक थी। सुबह से शुरू हुआ सिलसिला, देर रात तक चलता रहा।
गोले पर टीका :
नौकरी पेशे वाली तमाम बहनें ऐसी भी थीं जो कि व्यस्तता और दूरी के कारण अपने भाइयों के पास तक नहीं पहुंच पाई तो भाई भी ड्यूटी के कारण अपने घरों पर नहीं आ सके। ऐसी बहनों ने गोले पर टीका कर भाई दूज की परंपरा का निर्वहन किया। अब वे भाई के घर पहुंचने पर यह गोला उन्हें देंगी।
दोपहर तक खप गई मिठाई
भैया दूज पर यूं तो तमाम बहनों ने पहले से ही मिठाई मंगाकर रख ली थी। कुछ बहनें भैया दूज के दिन अपने भाई के घर आने पर मिठाई लेने के लिए प्रतिष्ठित दुकानों पर पहुंचीं लेकिन दोपहर बाद अधिकतर दुकानों पर मिठाई खत्म हो जाने से वे पसंदीदा मिठाई नहीं खरीद सकीं। मजबूरी वश उनको सड़क सहारे अस्थाई दुकान सजाकर मिष्ठान बेच रहे लोगों से मिठाई खरीदनी पड़ी। फिर नमकीन, पेठा, नामचीन कंपनियों के गिफ्ट पैकेट भी खरीदे गए। चॉकलेट की भी अच्छी खासी डिमांड रही।