विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिल्म नायक की तरह कनिका बनीं एक दिन की डीएम, हाथरस में दिया गया महिला सशक्तीकरण का संदेश

By Himanshu Gupta Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 09 Mar 2026 07:45 PM (IST)

हाथरस में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर डीएम अतुल वत्स ने छात्रा कनिका माहेश्वरी को एक दिन का प्रतीकात्मक डीएम बनाया। ...और पढ़ें

हाथरस में जिलाधिकारी अतुल वत्स के साथ बैठीं कनिका।

हाथरस में जिलाधिकारी अतुल वत्स के साथ बैठीं कनिका।

जागरण संवाददाता, हाथरस। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर डीएम कक्ष में प्रेरणादायी पहल की गई। डीएम अतुल वत्स ने छात्रा कनिका माहेश्वरी को प्रतीकात्मक रूप से एक दिन का डीएम बनाकर महिला सशक्तीकरण का सशक्त संदेश दिया। इस दौरान कनिका माहेश्वरी को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।

डीएम अतुल वत्स ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य मात्र एक औपचारिक कार्यक्रम करना नहीं है, बल्कि यह समाज को सकारात्मक संदेश देना है कि आज की बेटियां केवल भविष्य की नागरिक ही नहीं, बल्कि भविष्य की नीति-निर्माता और नेतृत्वकर्ता भी हैं।

उन्होंने कहा कि जब एक बच्ची डीएम की कुर्सी पर बैठती है तो वह केवल एक प्रतीक नहीं होता, बल्कि यह समाज को विश्वास दिलाता है कि यदि बेटियों को अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास दिया जाए तो वे जीवन के हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां प्राप्त कर सकती हैं।

डीएम ने कहा कि महिला सशक्तीकरण का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब समाज की हर बेटी को अपने सपने देखने और उन्हें पूरा करने का समान अवसर मिले। बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प ही एक सशक्त समाज की नींव है।

उन्होंने कहा कि आज की बेटियां प्रशासन, विज्ञान, शिक्षा, खेल और उद्यमिता जैसे प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। आवश्यकता केवल इस बात की है कि समाज उन्हें प्रोत्साहित करे और उनके आत्मविश्वास को मजबूत बनाए।