जेठ व ससुर ने महिला से की मारपीट, बाल उखाड़े
मुरसान के गांव भकरोई का मामला, जेठ व ससुर के खिलाफ कोतवाली में शिकायत की गई
संवाद सूत्र, हाथरस : मुरसान के गांव भकरोई की महिला ने जेठ व ससुर पर मारपीट का आरोप लगाया है। महिला शिकायत करने कोतवाली पहुंची। उसके अनुसार बाल पकड़कर मारपीट की गई। इससे उसके बाल उखड़ गए। शिकायत मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
सुनीता (25) पत्नी रणवीर ¨सह रविवार की दोपहर उखाड़े गए बालों का गुच्छा लेकर कोतवाली पहुंची। साथ में पति व अन्य लोग भी थे। महिला ने अपने जेठ पर मारपीट का आरोप लगाया। महिला के अनुसार छह महीने पहले तक वह पति के साथ नोएडा में रहती थी, लेकिन वहां गुजारा न चलने के कारण वे लोग गांव आ गए। रणवीर अब हाथरस में सिलाई का काम करते हैं। आरोप है कि जेठ को उनका गांव में रहना ही रास नहीं आ रहा है। उनकी नजर संपत्ति पर है। इसलिए आए दिन झगड़ा करते रहते हैं। बात-बात पर गाली-गलौज व शराब पीकर हंगामा करते हैं। सुनीता का आरोप है कि रविवार की सुबह भी जेठ ने गाली-गलौज की। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की। ससुर ने शुरू में बीच-बचाव किया, लेकिन बाद में उन्होंने भी मारपीट कर दी। झगड़े के दौरान काफी संख्या में लोग जमा हो गए। महिला का आरोप है कि जेठ ने बाल पकड़कर मारपीट की। इससे उसके बाल उखड़ गए। यही नहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी है। एसएचओ जितेंद्र कुमार दीक्षित ने बताया कि पारिवारिक विवाद है। तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है।