आज की युवा पीढ़ी पर है भारत का भविष्य : रामभद्राचार्य
फोटो- 20 21 आयोजन भगवान राम ने अजेय कहे जाने वाले रावण को मारकर लहराया था परचम -बागला कॉलेज में श्रीरामकथा महोत्सव का सातवां दिन
जागरण संवाददाता, हाथरस : आज का युवा यदि भगवान श्रीराम को आदर्श बना ले तो देश अपने आप सुधर जाएगा। देश की समस्याओं का स्वयं निदान हो जाएगा। राम जी के धर्म ने समाज के छोटे से छोटे व्यक्ति को प्रभावित किया उन्हें कर्तव्य के लिए प्रेरित किया, उसी का परिणाम रहा कि उस समय की सबसे बलशाली, साधन संपन्न, अजेय, ज्ञानी शक्ति रावण को वानर,भालू और वनवासी, गिरी वासियों के सहयोग से पराजित ही नहीं किया बल्कि समूल नष्ट कर दिया भारत की विजय पताका विश्व में फहरा दी। भारत का भविष्य युवा पीढ़ी पर निर्भर है।
उक्त विचार तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने स्थानीय बागला कॉलेज में आयोजित रामकथा के सातवें दिन व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि बालक के भविष्य निर्माण में मां की अहम भूमिका होती है। इसलिए आज की माताएं आधुनिकता की दौड़ से थोड़ा सा समय निकाल कर बच्चों को संस्कारित करें ताकि वे जीवन यापन के अलावा धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलकर स्वयं समाज और देश का उत्थान कर सकें। उन्होंने कहा भारत का भविष्य आज की युवा पीढ़ी के ऊपर है वही देश के भावी कर्णधार हैं इसीलिए वह केवल मानस के अनुरूप आचरण प्रारंभ कर दें तो जीवन में ना वह कभी हारेंगे और न भारत को हारने देंगे।
आज चरण पादुका पूजन के मुख्य यजमान उमाशंकर शर्मा लाड साहब, मनोज स्वामी निशी स्वामी, राकेश शर्मा विनीता शर्मा, जितेंद्र नाथ जोशी राजरानी जोशी, चंद्रशेखर रावल लक्ष्मी अरोरा रहे।