कुछ सभासदों की झूठी शिकायतों से प्रभावित हो रहे विकास कार्य
कुछ सभासद झूठी शिकायत कर कार्य को प्रभावित कर रहे हैं
जासं, हाथरस: नगर पालिका परिषद के सभासदों का एक प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार को जिलाधिकारी से मिला। इन सभासदों ने कुछ सभासदों पर नगर पालिका की झूठी शिकायतें करते हुए विकास कार्य प्रभावित करने का आरोप लगाया।
सभासदों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से कहा कि पालिका के ही कुछ सभासद स्वार्थ के लिए पालिका परिषद के अध्यक्ष, अधिकारियों और कर्मचारियों की झूठी शिकायतें करते हैं। इससे नगर के विकास कार्य को ठप हो गए हैं। नगर में पूरी रात सफाई होती है, कूड़ा उठाया जाता है, मॉडल टॉयलेट बनाए गए हैं, श्मशान स्थलों का सुंदरीकरण, पार्कों का निर्माण भी कराया जा रहा है। चंद सभासद अपने स्वार्थ के लिए नगर पालिका की बदनामी कर रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने सभासदों द्वारा अधिकार छीनने संबंधी लगाए गए आरोपों को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि यह एक प्रक्रिया है न कि अधिकार। बोर्ड की बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मिति से ध्वनि मत से पारित किया गया था। यदि यह प्रस्ताव गलत था, तो उक्त सभासद उसी समय इसका विरोध क्यों नहीं किया। अब डेढ़ वर्ष बाद इस तरह के आरोपों का क्या औचित्य है। प्रतिनिधि मंडल ने नगर पालिका अध्यक्ष का समर्थन करते हुए कहा कि पालिका में ब्लैक मेलिग नहीं करने दी जाएगी। जिलाधिकारी से मिलने वालों में भाजपा के नगर अध्यक्ष मोहन पंडित, सभासद गुड्डी चटर्जी, राधेश्याम रजक, संजय सक्सेना, विशाल दीक्षित, बबीता वर्मा, अजय राज, पवन कुमार गुप्ता, रजिया बेगम, उमेष कुमारी, अशोक शर्मा, सुशमा देवी, जाकिर अहमद, सुरेश चौधरी, विनोद कर्दम आदि थे। गड्ढों को जल्द बंद कराने की मांग : सभासदों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जल निगम द्वारा नगर में पेयजल लाइन डालने का कार्य चल रहा है। इसके लिए आबादी वाले इलाकों में खोदाई की गई है। उन्होंने जिलाधिकारी से जल निगम के जिम्मेदार लोगों को इसके लिए निर्देशित करने की मांग की गई। सभासदों की मांग थी कि जल निगम के गड्ढों को पाइप लाइन डालने के साथ ही बंद कराया जाए। इसे खुला नहीं छोड़ा जाए ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।