पटरी कटने से सौ बीघा फसल जलमग्न
एक माह में चौथी बार कटी दघेंटा रजबहा की कची पटरी किसान बेहाल
संसू, हाथरस : सादाबाद के बिसावर क्षेत्र से होकर निकलने वाला दघेंटा रजबहा अब किसानों के लिए मुसीबत बनता जा रहा हैं। एक महीने में चौथी बार पटरी कट जाने से सौ बीघा से अधिक फसल जलमग्न हो गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने पटरी को दुरुस्त किया।
सिचाई के लिए उत्तम साधन माने जाने वाले रजबहा किसानों के लिए मुसीबत का सबब बन रहे हैं। इतवार की रात करीब ढाई बजे पटरी कट जाने के कारण खेत लबालब भर गए। सुबह शौच को जाने वाले किसानों ने खेतों की हालत देखी तो उन्होंने अपना माथा पीट लिया। जानकारी गांव में पहुंचने पर किसान फावड़ा लेकर खेतों पर पहुंच गए। कटी पटरी को दुरुस्त करने में जुट गए। पटरी कटने की जानकारी सिचाई विभाग को दी गई, मगर जब तक कर्मचारी पहुंचे, किसानों ने पटरियों को पाट दिया। इससे विधिपुर व टीकैत के मध्य कटी पटरी के कारण अरहर, बाजरा व चरी की फसल को नुकसान हुआ है। इसमें आदित्य चौधरी विधिपुर की 28 बीघा, सत्यभान सिंह का बाजरा 10 बीघा, सरोना सिंह की अरहर 4 बीघा, कालीचरण की 6 बीघा, अमला की 2 बीघा, भैंरो सिंह की 2 बीघा, पप्पू की 10 बीघा, ब्रजमोहन की 5, सुंदर सिंह की 2 बीघा, हरप्रसाद की 4 बीघा, पूरन सिंह की 2 बीघा के अलावा एक दर्जन अन्य किसानों की विभिन्न फसलें जलमग्न हो गईं। बोले किसान
एक माह में चौथी बार पटरी कट जाने से फसल खराब होने का पूरा खतरा बन गया है। प्रशासन ध्यान देकर फसल का मुआवजा दिलाने के लिए सर्वे कराये।
-आदित्य चौधरी पटरी कच्ची होने की शिकायत कई बार नहर विभाग से की जा चुकी है लेकिन विभाग लापरवाह बना हुआ है। बगैर सफाई के ही पानी छोड़ा जाता है।
-सोनू कुमार रजबहा की दोनों पटरियां पूरी तरह से जर्जर अवस्था में है। कई बार नहर विभाग के कर्मचारियों को दिखाया भी गया, मगर खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
-गिरीश कुमार