विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार में हाथरस के कांवड़िए की मौत, डाक कांवड़ उठाते ही बिगड़ी तबीयत; 20 मिनट बाद तोड़ दिया दम

By Ritik Gupta Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 17 Aug 2026 07:56 PM (IST)

हाथरस के बरई शाहपुर निवासी 22 वर्षीय आकाश की हरिद्वार में डाक कांवड़ उठाने के 20 मिनट बाद तबीयत बिगड़ने ...और पढ़ें

गांव बरई शाहपुर का आकाश। फाइल फोटो

गांव बरई शाहपुर का आकाश। फाइल फोटो

संवाद सूत्र, सिकंदराराऊ (हाथरस)। हरिद्वार में डाक कांवड़ उठाने के करीब 20 मिनट बाद ही क्षेत्र के गांव बरई शाहपुर निवासी 22 वर्षीय आकाश की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह जमीन पर गिर पड़ा। साथियों ने तत्काल सीपीआर देकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल में चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

आकाश 15 अगस्त को दोस्तों के साथ डाक कांवड़ लेने हरिद्वार गया था। 16 अगस्त की रात करीब साढ़े 11 बजे उसने साथियों के साथ डाक कांवड़ उठाई। कांवड़ उठाने के लगभग 20 मिनट बाद ही अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ा। साथियों के अनुसार, अटैक के दौरान उसे तीन झटके आए। दोस्तों ने तुरंत सीपीआर देने के साथ मुंह से सांस देकर उसे बचाने का प्रयास किया।

इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। आकाश करीब छह माह पहले रोजगार के लिए जयपुर गया था और वहीं काम करता था। उसके पिता ओंकार की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। परिवार में मां, दो भाई और एक बड़ी विवाहित बहन है। 13 वर्षीय छोटा भाई अक्सर बीमार रहता है।

स्वजन के अनुसार, आकाश ही परिवार का मुख्य सहारा था। रविवार देर रात आकाश का शव गांव बरई शाहपुर पहुंचा। शव देखते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई। गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। आकाश के साथ डाक कांवड़ उठाने वाले साथी भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं।