विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पत्नी ने चाकू से गोदकर मार डाला पति, अवैध संबंध बने कारण; साजिश में बेटी भी शामिल

By Sachin Singh Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 16 Oct 2026 09:32 PM (IST)

फरीदाबाद में अवैध संबंध के चलते पत्नी और उसके प्रेमी ने हाथरस निवासी पति गोपाल की बेरहमी से हत्या कर ...और पढ़ें

मृतक गोपाल का फाइल फोटो और बिलखती मां।

मृतक गोपाल का फाइल फोटो और बिलखती मां।

संवाद सूत्र, चंदपा (हाथरस)। हरियाणा के फरीदाबाद में अवैध संबंध के चलते पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान हाथरस जिले के कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव कुंवरपुर निवासी 37 वर्षीय गोपाल के रूप में हुई है। शुक्रवार देर शाम जब गोपाल का शव उसके पैतृक गांव कुंवरपुर पहुंचा तो परिवार में मातम छा गया।

चंदपा के गांव कुंवरपुर निवासी गोपाल फरीदाबाद के डीएलएफ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में मशीन आपरेटर के रूप में काम करता था। वह फरीदाबाद की श्याम कालोनी पार्ट-बन में किराए के मकान में रहता था। उसकी पत्नी काजल मूल रूप से राया, मथुरा की रहने वाली है। वह अपने तीन बच्चों बेटा तनुज, बेटी हनी और बेटी दीपा के साथ गांव में रहती थी।

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि काजल का पिछले करीब तीन साल से गांव कुंवरपुर निवासी योगेंद्र पुत्र बहादुर सिंह से प्रेम प्रसंग चल रहा था। योगेंद्र पहलवानी करता है और चंदपा क्षेत्र में बाईपास पर अखाड़ा चलाता है। गोपाल को जब पत्नी के अवैध संबंध का पता चला तो पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा। इसी विवाद के चलते काजल ने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक 15 अक्टूबर की रात गोपाल शराब के नशे में सो गया था। इसी दौरान काजल ने अपने प्रेमी योगेंद्र को फरीदाबाद बुला लिया। दोनों ने मिलकर सोते हुए गोपाल की गर्दन पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कमरे में ही छोड़ दिया गया। घटना से चार दिन पहले ही काजल अपनी बेटी शालिनी और दो बेटों को लेकर फरीदाबाद गई थी।

गुरुवार शाम गोपाल और काजल एक कमरे में थे, जबकि बच्चे दूसरे कमरे में मौजूद थे। इस हत्याकांड का राज मृतक की बेटी के फोन से खुला। गुरुवार को गोपाल की बेटी शालिनी ने अपने चाचा अशोक को फोन कर पिता की तबीयत खराब होने की बात कही और तुरंत फरीदाबाद आने को कहा। जब अशोक स्वजन के साथ गुरुवार शाम किराए के मकान पर पहुंचे तो गोपाल का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।

सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपित पत्नी काजल ने प्रेमी योगेंद्र के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल कर ली। घटना के बाद फरार हुए प्रेमी योगेंद्र को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। इधर, मृतक के भाई चंद्रवीर और अन्य स्वजन ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

स्वजन के अनुसार आरोपित महिला काजल की यह दूसरी शादी थी। वह अपने पहले पति को छोड़कर गोपाल के साथ आई थी। पहले पति से उसकी एक बेटी शालिनी है, जो यूट्यूबर है। काजल ने 15 साल पहले गोपाल से कोर्ट मैरिज की थी। स्वजन का आरोप है कि इस हत्याकांड में आरोपित पत्नी काजल, उसके प्रेमी योगेंद्र के साथ-साथ यूट्यूबर बेटी शालिनी और एक अन्य युवती भी शामिल है।

फिलहाल फरीदाबाद पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं, गांव कुंवरपुर में गोपाल की मृत्यु से परिवार में मातम पसरा हुआ है। स्वजन आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।