विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथरस: UGC के विरोध में सवर्ण समाज का शक्ति प्रदर्शन, पुलिस ने रोका काफिला; सड़क पर बैठे प्रदर्शनकारी

By Udayveer Singh Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 02 Oct 2026 07:16 PM (IST)

हाथरस में सवर्ण समाज ने यूजीसी के नए नियमों के विरोध में प्रदर्शन किया। पुलिस ने उनके काफिले को रोका, ...और पढ़ें

हसायन में यूजीसी के खिलाफ सड़क पर बैठ प्रदर्शन करते लोग।

हसायन में यूजीसी के खिलाफ सड़क पर बैठ प्रदर्शन करते लोग।

HighLights

  1. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के काफिले को रोककर सड़क पर बिठाया।

  2. अधिकारियों को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर नियम वापसी की मांग।

संवाद सूत्र, हसायन (हाथरस)। यूजीसी के नए नियमों के विरोध और उन्हें वापस लेने की मांग को लेकर शुक्रवार को हसायन में सवर्ण समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन भानू के राष्ट्रीय सचिव ठाकुर राम जादौन के नेतृत्व में हसायन क्षेत्र से सैकड़ों लोग ट्रैक्टर, कार और अन्य वाहनों के काफिले के साथ जिला मुख्यालय के लिए हसायन के दीनदयाल उपाध्याय चौराहे से रवाना हुए।

प्रदर्शनकारियों का उद्देश्य जिला मुख्यालय पहुंचकर अपनी मांगों को प्रशासन के सामने रखना था। रैली की जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने कई थानों की पुलिस फोर्स को रास्ते में तैनात पुलिस ने बैरिकेडिंग और अन्य अवरोधों के जरिए काफिले को रोकने का प्रयास किया।

प्रदर्शनकारियों के अनुसार, पुलिस द्वारा रास्ता रोके जाने के बाद कुछ किसान ट्रैक्टरों को खेतों के रास्ते से आगे ले गए। इसके बाद पिछौती गांव के आगे पुलिस ने काफिले को रोक लिया। इससे नाराज प्रदर्शनकारी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

सूचना मिलने पर एसडीएम और सीओ सिकंदराराऊ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी मौके पर उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे।बाद में एडीएम और एएसपी हाथरस मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपते हुए यूजीसी के नए नियमों को वापस लेने यानी यूजीसी रोल बैक की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के बाद अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और ज्ञापन को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपनी बात अधिकारियों के समक्ष रखी और आगे की कार्रवाई का इंतजार करने की बात कही। जिला अध्यक्ष ठाकुर आशीष प्रताप सिंह, सिद्धार्थ ठाकुर, नवीन सिंह, सतेंद्र सिंह, प्रशांत कुमार, बिल्ला पंडित, कान्हा ठाकुर, राघव यादव शिव ठाकुर अजीत ठाकुर अंकित ठाकुर सहित क्षेत्र के सैकड़ों व्यक्ति सम्मिलित हुए।