हाथरस में टीचर ने खींच डाले एलकेजी छात्रा के बाल, स्कूल ने लिया कड़ा एक्शन; बर्खास्त
हाथरस के एक स्कूल में दो छात्राओं की लड़ाई रोकने के दौरान शिक्षिका ने एक एलकेजी छात्रा के बाल पकड़े, ...और पढ़ें

हाथरस में पीड़ित छात्रा। वीडियो ग्रैब
HighLights
शिक्षिका ने छात्राओं की लड़ाई में एक के बाल खींचे।
एलकेजी छात्रा के बाल उखड़ने पर परिजनों ने शिकायत की।
जागरण संवाददाता, हाथरस। कक्षा में दो छात्राओं के बीच हो रही मारपीट को रोकने के दौरान शिक्षिका ने एक छात्रा के बाल पकड़कर उसे अलग किया। आरोप है कि इस दौरान छात्रा के बाल उखड़ गए। घटना के बाद रोती हुई छात्रा घर पहुंची और स्वजन को जानकारी दी।
स्वजन ने स्कूल पहुंचकर शिकायत की तो स्कूल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षिका को स्कूल से बाहर कर दिया। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी नंदराम निवासी राजेश सोलंकी की बेटी मायरा सोलंकी रुहेरी स्थित ब्राइट कैरियर पब्लिक स्कूल में एलकेजी की छात्रा है।
सोमवार को कक्षा में दो छात्राओं के बीच शरारत को लेकर विवाद हो गया और दोनों में मारपीट होने लगी। आरोप है कि शिक्षिका नीतू कुलश्रेष्ठ ने मायरा को बाल पकड़ कर दूसरी छात्रा से अलग किया। इसी दौरान उसके बाल उखड़ गए। घटना के बाद छात्रा रोते हुए घर पहुंची।
उसके पिता राजेश सोलंकी और स्वजन ने स्कूल पहुंचकर घटना पर नाराजगी जताई और शिक्षिका के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी होने पर प्रधानाचार्य सुनील पचौरी ने शिक्षिका को स्कूल से हटा दिया।
सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि इस संबंध में अभी पुलिस के पास कोई भी शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षिका का कदम उचित नहीं था
स्कूल प्रबंधक यदुवीर सिंह ने बताया कि कक्षा में बच्चों के बीच आपस में विवाद हुआ था। शिक्षिका ने दोनों छात्राओं को शांत कराने के लिए बीच-बचाव किया था। इसी दौरान छात्रा के बाल उखड़ गए।
शिक्षिका का इस तरह बाल पकड़ना उचित नहीं था, इसलिए उसे स्कूल से हटा दिया गया है। प्रबंधक ने बताया कि स्कूल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को बच्चों के साथ मारपीट या अनुचित व्यवहार से बचने के लिए सचेत किया गया है।
