iPhone की जिद पर अड़ा बेटा, बाप नहीं पूरी कर पाया जिद; हाथरस में हाथ जोड़ गिड़गिड़ाता रहा पिता
हाथरस में एक बेटे ने आईफोन की जिद की, जिसे पिता आर्थिक तंगी के कारण पूरा नहीं कर पाए। मामला ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
HighLights
आर्थिक तंगी के कारण पिता आईफोन नहीं दिला पाए।
पुलिस इसे पारिवारिक विवाद मानकर सुलह कराने का प्रयास कर रही।
संवाद सूत्र, मुरसान (हाथरस)। सोशल मीडिया के रंग अलग हैं। रील्स और वीडियाेज बच्चों और युवाओं में सपने पैदा कर रहे हैं। वो सपने, जिन्हें पूरा करने की हैसियत मां-बाप की नहीं है। बच्चे जिद पर अड़े हैं। उन्हें पिता की मजबूरी दिख रही है और ना ही मां ही दिनभर घर में मेहनत। ऐसा ही एक मामला हाथरस में सामने आया हैं।
जहां बेटे ने आईफोन की जिद कर डाली। पिता पूरी नहीं कर पाया तो मामला थाने पहुंच गया। पिता हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता रहा लेकिन बेटे का दिल कतई नहीं पसीजा। मुरसान के एक गांव में आईफोन की जिद ने पिता-पुत्र के रिश्ते को थाने तक पहुंचा दिया।
पैसे न होने पर पिता ने आईफोन दिलाने से मना किया तो नाराज बेटे ने डायल-112 पर फोन कर पिता पर मारपीट का आरोप लगाकर पुलिस बुला ली। पुलिस दोनों को पकड़कर कोतवाली ले आई, जहां पिता बेटे के सामने हाथ जोड़ता रहा, लेकिन बेटा अपनी जिद पर अड़ा रहा।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति पशुपालन और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके बेटे ने कुछ दिन पहले अपना मोबाइल खो दिया था। गुरुवार को बेटे ने पिता से आईफोन दिलाने की जिद की। पिता ने आर्थिक तंगी का हवाला देकर मना किया तो बेटा आक्रोशित हो गया और 112 नंबर पर फोन कर शिकायत कर दी।
पिता पैसे नहीं दे रहे और मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मुरसान पुलिस मौके पर पहुंची और पिता-पुत्र दोनों को कोतवाली ले आई। कोतवाली में काफी देर तक दोनों बैठे रहे। पिता बेटे से मान-मनौव्वल करता रहा, लेकिन बेटा आईफोन की मांग पर अड़ा रहा। आसपास मौजूद लोगों ने भी बेटे को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह पारिवारिक विवाद है, दोनों को समझाकर सुलह कराने का प्रयास किया जा रहा है। घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है और लोग बेटे के व्यवहार को लेकर हैरानी जता रहे हैं।
