विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बच्चों के खाने में भी घोटाला, साढ़े तीन महीने से हाथरस में स्कूल नहीं आए स्टूडेंट्स; कागजों में चलता रहा मिड डे मील

By Akash Raj Singh Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 08 Oct 2026 11:36 PM (IST)

हाथरस के नवलपुर प्राथमिक विद्यालय में साढ़े तीन माह से बच्चों की अनुपस्थिति के बावजूद मिड-डे मील वितरण दर्ज किया ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, हाथरस। सहपऊ के गांव नवलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में करीब साढ़े तीन माह से बच्चों की उपस्थिति शून्य थी, लेकिन अभिलेखों में एमडीएम का वितरण लगातार दर्ज किया जा रहा था। ग्रामीणों की शिकायत पर हुई जांच में विद्यालय की व्यवस्थाओं में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक मानवेंद्र सिंह और सहायक अध्यापक दिनेश कुमार भी अनुपस्थित मिले।

जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए रणवीर सिंह ने दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। ग्रामीणों ने विद्यालय बंद रहने, शिक्षकों के देरी से पहुंचने और शिक्षण कार्य प्रभावित होने की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने 28 सितंबर को खंड शिक्षा अधिकारी सहपऊ से विद्यालय की जांच कराई। जांच में शिकायतें सही पाई गईं।

जांच के दौरान विद्यालय में 25 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष एक भी बच्चा उपस्थित नहीं था। शिक्षामित्र सर्वेश कुमार और शिक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि जुलाई से ही बच्चे विद्यालय नहीं आ रहे हैं। इसके बावजूद एमडीएम लाभार्थी पंजिका में विद्यार्थियों की संख्या दर्ज मिली। इससे अभिलेखों में एमडीएम वितरण दर्शाए जाने का मामला सामने आया। प्रभारी प्रधानाध्यापक मानवेंद्र सिंह 24 सितंबर से लगातार अनुपस्थित मिले।

उपस्थिति पंजिका के रिक्त कालम में एफएलएन प्रशिक्षण में सहभागिता दर्ज थी। लेकिन, जांच में वह न विद्यालय में मिले और न ही प्रशिक्षण में उनकी उपस्थिति की पुष्टि हुई। वहीं सहायक अध्यापक दिनेश कुमार भी निरीक्षण के समय विद्यालय में अनुपस्थित थे। जांच में विद्यालय की सफाई व्यवस्था, विद्यार्थियों को वितरित की जाने वाली निशुल्क पुस्तकों की व्यवस्था भी ठीक नहीं थी।

जिसके बाद बीएसए ने दोनों शिक्षकों को निलंबित करते हुए उन्हें नगर शिक्षा अधिकारी, हाथरस के कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। बिना अनुमति जिला मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक लगाई गई है।

जुलाई से नहीं आए बच्चे, फिर भी पंजिका में वितरण

विद्यालय में 25 बच्चे पंजीकृत हैं। जांच के समय एक भी छात्र उपस्थित नहीं था। शिक्षामित्र और शिक्षक के अनुसार जुलाई से बच्चों की उपस्थिति नहीं हुई। इसके बावजूद एमडीएम लाभार्थी पंजिका में विद्यार्थियों की संख्या दर्ज मिली। अब विभागीय जांच में अभिलेखों में दर्ज एमडीएम वितरण की भी पड़ताल की जाएगी।

नवलपुर के प्राथमिक विद्यालय की ग्रामीणों ने शिकायत की थी। जांच में शिकायत सही पाई गई। प्रभारी प्रधानाध्यापक मानवेंद्र सिंह और सहायक अध्यापक दिनेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

-

रणवीर सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, हाथरस