मौसेरी बहनें पलक झपकते ही उड़ा लेती थीं सोने की चेनें, हाथरस में मंदिर के बाहर से पकड़ी गईं
हाथरस के मां भद्रकाली मंदिर से सोने की चेन छीनने वाली दो मौसेरी बहनों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

हाथरस में सोने की चेन उड़ाने वाली मौसेरी बहनें।
HighLights
हाथरस में मंदिर से सोने की चेन छीनने वाली गिरफ्तार।
सीसीटीवी फुटेज से पहचान कर दो मौसेरी बहनों को पकड़ा।
संवाद सूत्र, सहपऊ (हाथरस)। देखने में खूबसूरत। पहनावे में भी ठीक-ठाक। कोई भरोसा ही नहीं कर सकता कि ये बहनें मंदिर में आने वाली महिलाओं की सोने की चेन पलक झपकते ही उड़ाने में माहिर हैं। जब पुलिस की गिरफ्त में आईं तो माफी मांगने लगीं।
कोतवाली पुलिस ने मां भद्रकाली मंदिर पर श्रद्धालु महिलाओं के गले से सोने की जंजीर खींचकर भागने वाली दो मौसेरी बहनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई जंजीर भी बरामद कर ली है।
सीओ जेएन अस्थाना ने बताया कि सोमवार को सादाबाद के मोहल्ला गंगानगर निवासी वंदना अग्रवाल पत्नी अनिल अग्रवाल परिवार के साथ मां भद्रकाली मंदिर दर्शन करने आई थीं। दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में दो महिलाओं ने मौका पाकर वंदना के गले से सोने की जंजीर खींच ली और भीड़ में गुम हो गईं। पीड़िता ने कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी थी।
मंदिर पर सोमवार को पहले से पुलिस ड्यूटी पर तैनात थी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो महिलाएं वंदना के पास आकर गले से जंजीर खींचती और फिर एक महिला दूसरी को जंजीर थमाते हुए साफ दिखीं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में उन्होंने अपने नाम काजल पत्नी सुखवीर निवासी हसनपुर थाना नौहझील, जनपद मथुरा और रेशमा पत्नी सैनपुर निवासी थाना रूपवास, जनपद भरतपुर राजस्थान बताया। दोनों मौसेरी बहनें हैं। पुलिस ने दोनों के पास से छीनी गई सोने की जंजीर बरामद कर ली।
सीओ ने बताया कि दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। मंदिर जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
--
