विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथरस में मिला पटाखों का अवैध स्टॉक, गोदाम से 12 लाख की आतिशबाजी बरामद

By Sachin Singh Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 15 Oct 2026 07:39 PM (IST)

हाथरस पुलिस ने दीपावली से पहले अवैध पटाखा भंडारण पर बड़ी कार्रवाई की है। सासनी में एक गोदाम से 12 ...और पढ़ें

सासनी में मारे गए छापे के दौरान बरामद आतिशबाजी।

सासनी में मारे गए छापे के दौरान बरामद आतिशबाजी।

संवाद सहयोगी, हाथरस। दीपावली से पहले अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सासनी पुलिस ने राधिका होटल के बराबर स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर करीब 12 लाख रुपये कीमत के पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर आतिशबाजी जब्त कर ली।

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर बुधवार को पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर गोदाम की तलाशी ली। गोदाम स्वामी को बुलाकर शटर खुलवाया गया। इसके बाद वीडियोग्राफी के बीच जांच की गई। गोदाम में 232 कार्टून और तीन प्लास्टिक की बोरियों में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे मिले। जांच में रोहित शर्मा ने 1500 किलोग्राम क्षमता की अनुज्ञप्ति संख्या 08/2023 प्रस्तुत की।

यह लाइसेंस 24 अगस्त 2028 तक वैध है, लेकिन इसमें भंडारण का स्वीकृत स्थान नगला भंभूजाट, आगरा-अलीगढ़ हाईवे, सासनी दर्ज है। इसके बावजूद पटाखे अर्जुन सिंह के गोदाम में रखे गए थे। मौके पर अग्निशमन उपकरण भी नहीं मिले। एसपी ने बताया कि भंडारण में लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाया गया। इससे हादसे का खतरा बना हुआ था।

पुलिस ने गांव रुहल निवासी अर्जुन सिंह और द्वारिकापुर निवासी रोहित शर्मा को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी की टीम ने की। एसपी ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।