हाथरस का जवान मलेशिया की नदी में डूबा, इस तरह हुआ हादसा
मर्चेंट नेवी में तैनात सादाबाद के गांव नगला पचौरी का एक युवक मलेशिया की सारावक नदी में डूब गया है। जहाज से रस्सा फेंकते समय यह हादसा हुआ। तीन दिन बाद भी उसका पता नहीं चल पा रहा है। परेशान स्वजन दिल्ली में मलेशिया दूतावास पर पहुंच गए हैं।
हाथरस, जागरण संवाददाता। मर्चेंट नेवी में तैनात सादाबाद के गांव नगला पचौरी का एक युवक मलेशिया की सारावक नदी में डूब गया है। जहाज से रस्सा फेंकते समय यह हादसा हुआ। तीन दिन बाद भी उसका पता नहीं चल पा रहा है। परेशान स्वजन दिल्ली में मलेशिया दूतावास पर पहुंच गए हैं। बेटे की खबर न मिलने से वह बेहद चिंतित हैं।
मलेशिया की नदी में रस्सा फेंकते समय हुआ हादसा
क्षेत्र के गांव नगला पचौरी निवासी विजय पचौरी के 21 वर्षीय पुत्र अतुल पचौरी मर्चेंट नेवी हैं। वह मलेशिया के जहाज पर तैनात थे। 10 अक्टूबर को मलेशिया के बेटांग जिले की सरावक नदी में जहाज की रस्सी फेंकने के दौरान असंतुलित होकर अतुल नदी में गिर गए। वह नदी में डूब गए। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। अतुल के गिरने की जानकारी साथियों को होने पर वह तत्काल उसे ढूंढने में लग गए। लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। लगातार तीन दिन गोताखार उनकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन जवान का कोई पता नहीं चल पाया है।
मलेशिया के थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
इसके बाद सूचना स्वजन को गांव में दी गई। अतुल के साथी ने मलेशिया के थाने में उसके नदी में गिर कर लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इधर घटना की जानकारी गांव में स्वजन को होने पर वह लोग स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से मिले। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उन्हें दिल्ली स्थित मलेशिया एंबेसी भेजा गया है।फिलहाल युवक के लापता होने से घर परिवार में मातम छाया हुआ है।